राम मंदिर का भूमि पूजन नए युग की शुरुआत: शाह


नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन को देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन बताते हुए इसे महान भारतीय संस्कृति और सभ्यता के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय तथा एक नए युग की शुरुआत बताया है। शाह, जो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं, आज अयोध्या में राममंदिर के शिलान्यास के बाद कई ट्वीट किये।
उन्होंने लिखा, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने राम मंदिर का भूमिपूजन करके करोड़ों लोगों की आस्था को सम्मान देने का काम किया है, इसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। आज का दिन भारत के लिए एक ऐतिहासिक व गौरवपूर्ण दिन है। प्रभु राम की जन्मभूमि पर प्रधानमंत्री जी द्वारा भव्य राम मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया, जिसने महान भारतीय संस्कृति व सभ्यता के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है और एक नए युग की शुरुआत की है। उन्होंने आगे लिखा,"इस भव्य प्रभु राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मजबूत और निर्णायक नेतृत्व को दर्शाता है। इस अविस्मरणीय दिन पर सभी भारतवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी सरकार भारतीय संस्कृति और उसके मूल्यों की रक्षा व संरक्षण के लिए हमेशा कटिबद्ध रहेगी। प्रभु राम जी के आदर्श एवं विचार भारतवर्ष की आत्मा में बसते हैं। उनका चरित्र एवं जीवन दर्शन भारतीय संस्कृति की आधारशिला है। राम मंदिर निर्माण से यह पुण्यभूमि अयोध्याजी पुन: विश्व में अपने पूर्ण वैभव के साथ जग उठेगी। धर्म और विकास के समन्वय से रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। गृहमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में लिखा,"प्रभु राम मंदिर निर्माण असंख्य नाम-अनाम रामभक्तों के सदियों के निरंतर त्याग, संघर्ष, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। आज के दिन मैं उन सभी तपस्वियों को नमन करता हूँ जिन्होंने इतने वर्षों तक सनातन संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर के लिए संघर्ष किया। जय राम।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports