पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: 9 पुलिसकर्मियों की हत्या, 5 लापता



-बांध परियोजना की सुरक्षा चौकी को बनाया निशाना

इस्लामाबाद/रावलपिंडी। पाकिस्तान का अशांत दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर भीषण आतंकी हमले से दहल उठा है। मंगलवार को अज्ञात हथियारबंद आतंकवादियों ने एक प्रमुख बांध परियोजना की सुरक्षा में तैनात पुलिस चौकी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस कायराना हमले में कई वरिष्ठ अधिकारियों समेत 9 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य जवान लापता हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। वरिष्ठ जिला अधिकारी अब्दुल कुदूस और प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता ने हताहतों की संख्या की पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकवादी आधुनिक हथियारों से लैस होकर आए थे और उन्होंने 'मंगी बांध परियोजनाÓ की रखवाली कर रहे सुरक्षाकर्मियों को संभलने का मौका भी नहीं दिया। प्रांतीय सरकार ने इस हमले के पीछे स्थानीय अलगाववादी गुटों और इस्लामी आतंकवादियों का हाथ होने की आशंका जताई है।

भारी सैन्य बल तैनात, लापता जवानों के लिए सर्च ऑपरेशन जारी

हमले की खबर मिलते ही बलूचिस्तान सरकार हरकत में आ गई है। सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि सेना, अर्धसैनिक बल (पैरामिलिट्री), स्थानीय पुलिस और आतंकवाद विरोधी दस्ते ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है। आतंकवादियों के खिलाफ एक बड़ा 'संयुक्त सैन्य अभियानÓ शुरू किया गया है। पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण लापता 5 पुलिसकर्मियों की तलाश के लिए खोजी कुत्तों और आधुनिक उपकरणों की मदद ली जा रही है।

अफगानिस्तान सीमा से बढ़ रहा है खतरा, हवाई हमलों से बढ़े तनाव

खनिज संसाधनों से भरपूर बलूचिस्तान प्रांत की सीमाएं अफगानिस्तान और ईरान से लगती हैं। पाकिस्तान लंबे समय से इस इलाके में विदेशी निवेश और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को निशाना बनाने वाले विद्रोहियों से जूझ रहा है। इस्लामाबाद का लगातार यह आरोप रहा है कि इन आतंकियों को अफगानिस्तान की जमीन से पनाह मिल रही है। हालांकि, काबुल की तालिबान सरकार इन दावों को खारिज करती आई है। हाल के महीनों में पाकिस्तान ने सीमा पार अफगान क्षेत्र में कई हवाई हमले भी किए हैं, जिससे दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव चरम पर पहुंच गया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports