-केरल में सेना व एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, महाराष्ट्र के कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद; एमपी में नदियां उफान पर
नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम/भोपाल। देश के कई राज्य इस समय मानसून के रौद्र रूप का सामना कर रहे हैं। केरल, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। केरल के पहाड़ी जिले वायनाड में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मेप्पडी में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 226 मिमी बारिश के बाद अनाक्कम्पॉयिल-कल्लाडी सुरंग सड़क परियोजना के पास भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। पहाड़ों से ताश के पत्तों की तरह गिरे मलबे में एक निर्माण स्थल का बड़ा हिस्सा दब गया है। हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि सात लोग लापता हैं। पर्यटकों के बीच लोकप्रिय इस इलाके में कई निजी वाहनों और श्रमिकों को ले जाने वाली एक बस के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीम ने अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने आपातकालीन बैठक बुलाकर युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने और दो मंत्रियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सेना, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। मौसम विभाग ने वायनाड और कोझिकोड में 'रेड अलर्टÓ जारी किया है।
डोडा में बादल फटा, महाराष्ट्र और एमपी में नदियां उफान पर
जम्मू-कश्मीर: डोडा जिले के ऊपरी इलाके में बादल फटने से अचानक भीषण बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आ गई। पहाड़ों से बहकर आए मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से कई घर, दुकानें और गाडिय़ां बर्बाद हो गईं।
महाराष्ट्र (मुंबई): मुंबई में पिछले 48 घंटों में लगभग 15 इंच (380 मिमी) रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के 'ऑरेंज अलर्टÓ को देखते हुए मुंबई और नासिक के सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए आज बंद रखा गया है।
मध्य प्रदेश: एमपी के 35 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। बालाघाट में बाघ नदी के उफान पर आने से पुल निर्माण कार्य में लगी एक कार, जेसीबी और लोडर मशीन पानी के तेज बहाव में बह गए। खजुराहो में सबसे ज्यादा 4.4 इंच बारिश दर्ज की गई है।
