-स्रोतों में विविधता से ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता
नई दिल्ली । भारत ने रूस और वेनेजुएला से तेल खरीद को लेकर चल रही तमाम अटकलबाजियों के बीच गुरुवार को स्पष्ट किया कि देशवासियों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाजार परिस्थितियों तथा बदलते अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों को ध्यान में रखकर ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाना उसकी रणनीति का हिस्सा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां साप्ताहिक ब्रीफिंग में रूस और वेनेजुएला से तेल की खरीद के संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत के पहले के रूख में कोई बदलाव नहीं आया है और वह अपने लोगों के हित में पहले की तरह की कदम उठाता रहेगा।
उन्होंने कहा, सरकार ने कई अवसरों पर सार्वजनिक रूप से कहा है कि 1.4 अरब भारतीयों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बाज़ार परिस्थितियों और बदलते अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाना हमारी रणनीति का मूल आधार है। भारत के सभी कदम इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर उठाये गए हैं और आगे भी लिए जाते रहेंगे।
