पटना। आजकल, बहुत से युवा शादी तय करने के लिए मैट्रिमोनियल साइट्स की मदद लेते हैं। हालांकि, इन्हीं साइट्स पर धोखाधड़ी का जाल बुनने वाले स्कैमर भी एक्टिव हो गए हैं। बिहार की राजधानी पटना में भी एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना हुई है, जहां एक जालसाज ने खुद को एसबीआई मैनेजर बताकर लड़की को शादी का झांसा दिया और असल मुलाकात के दौरान ही लड़की की सोने की चेन छीनकर भाग गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
भरोसे के लिए भेजी 'सैलरी स्लिपÓ
मिली जानकारी के मुताबिक, पटना के गर्दनीबाग इलाके में रहने वाली एक लड़की शादी के लिए सही पार्टनर ढूंढ रही थी। उसकी मुलाकात एक मैट्रिमोनियल साइट पर एक युवक से हुई। इस युवक ने अपना नाम बताया और खुद को पटना का रहने वाला बताया। इतना ही नहीं, लड़की का भरोसा जीतने के लिए उसने झूठा दावा किया कि वह 'स्टेट बैंक ऑफ इंडियाÓ में मैनेजर के पद पर काम कर रहा है। सबूत के तौर पर उसने लड़की को वॉटस्पएप पर एक नकली सैलरी स्लिप भी भेजी थी। इससे लड़की ने उस पर पूरा भरोसा कर लिया।
गांधी मैदान पहुंचे और...
दोनों ने कुछ दिनों तक फोन पर बातचीत की और फिर आमने-सामने मिलने का फैसला किया। मीटिंग के लिए पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान तय किया गया। प्लान के मुताबिक, युवती वहां पहुंच गई। दोनों एक बेंच पर बैठकर अपनी होने वाली शादी के बारे में बातें कर रहे थे। हालांकि, इसी समय युवक ने अपना असली रूप दिखा दिया। बातचीत के दौरान मौका मिलते ही उसने युवती के गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया और बाहर खड़ी अपनी स्कूटी पर बैठकर तेजी से भाग गया।
शिकायत करने पर फोन पर दी गाली
अचानक हुई इस घटना से युवती सहम गई। वह चिल्लाई, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। चौंकाने वाली बात यह है कि लूट के बाद जब पीडि़ता ने उसे फोन करने की कोशिश की, तो आरोपी फोन पर उसे गाली दे रहा था और गंदी भाषा में धमकी दे रहा था।
