भूपेश के मंत्रिमंडल पर सबकी निगाहें, प्रत्येक संभाग से दो विधायक बन सकते हैं मंत्री


रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की आज दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात होनी है। मुलाकात में ही मंत्रिमंडल में गठन को लेकर इसमें शामिल होने वाले संभावित नामों को फाइनल कर लिया जाएगा। इधर यह बात भी सामने आई है कि मंत्रिमंडल में संतुलन बनाए रखने के लिए अब प्रत्येक संभाग से दो वरिष्ठ विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की निगाहें इस समय राजधानी दिल्ली में टिकी हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस समय दिल्ली में हैं और आज उनकी पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात होनी है। मुख्यमंत्री श्री बघेल अपने साथ मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित विधायकों की सूची लेकर दिल्ली रवाना हुए हैं। यहां पार्टी अध्यक्ष से राय-शुमारी के बाद मंत्रिमंडल के सदस्यों के नाम फाइनल कर लिया जाएगा। दोपहर में यदि राहुल गांधी से मुलाकात होती है तो संभव है कि आज देर शाम तक मुख्यमंत्री रायपुर लौट आएं। इधर कांग्रेस के ही एक वरिष्ठ विधायक ने प्रत्येक संभाग से दो वरिष्ठ विधायकों के मंत्रिमंडल में शामिल होने का संकेत दे दिया है। इससे माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में संतुलन बिठाए रखने के लिए इसी फार्मूले का उपयोग किया जाएगा। इस फार्मूले से सभी संतुष्ट रहेंगे और संभवत: आलाकमान को भी यह फार्मूला पसंद आ जाए। यदि ऐसा हुआ तो अब दुर्ग संभाग को छोड़ शेष संभागों के विधानसभा सीटों से जीत कर आए वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों की लॉटरी खुल सकती है। बहरहाल कांग्रेस विधायकों के साथ ही पीसीसी नेताओं की निगाहें दिल्ली पर टिकी है, सभी की धड़कनें तेज हैं कि किसे मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है और किसे नहीं।  

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports