बारिश-बांधों के पानी ने बढ़ाई मुसीबत, नवापारा में बाढ़ का संकट गहराया





कई मार्ग जलमग्न, निचली बस्तियों में घुसा पानी; 67 लोगों का एसडीआरएफ ने किया सुरक्षित रेस्क्यू



नवापारा राजिम। आसमानी बारिश और बांधों से लगातार छोड़े जा रहे पानी के चलते गोबरा नवापारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, वहीं निचली बस्तियों और सड़कों पर पानी भर गया है। बाढ़ के बढ़ते प्रभाव के बीच प्रशासन और नगर पालिका का अमला राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। बाढ़ में फंसे 67 लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। टीला ग्राम में पुल निर्माण कार्य में लगे पश्चिम बंगाल के 58 मजदूरों सहित 8 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं दुलना स्थित पानी टंकी में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे से फंसे दो ऑपरेटरों कमल नारायण साहू, चेतन साहू और एक ग्रामीण संतु निषाद का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित निकाला गया। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अभनपुर एसडीएम रवि सिंह, नगर पालिका सीएमओ लवकेश पैकरा, इंजीनियर राहुल थवानी सहित नगर पालिका एवं राजस्व विभाग का अमला लगातार मैदानी स्तर पर राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।


बाढ़ देखने उमड़ी भीड़, जोखिम के बीच तमाशबीनों की मौजूदगी



बाढ़ का पानी देखने के लिए विभिन्न स्थानों पर लोगों की भीड़ भी उमड़ रही है। जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में लोगों की मौजूदगी हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन द्वारा लोगों से बाढ़ प्रभावित और जलमग्न मार्गों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports