एशियन गेम्स: प्रिया घांघस ने बॉक्सिंग के 60 किग्रा क्वार्टर फाइनल में दर्ज की जीत, भारत का एक और मेडल पक्का



 

नई दिल्ली।  एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सर प्रिया घांघस ने सोमवार को महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समदोवा को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ प्रिया ने भारत के लिए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित कर दिया। निशियो जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में प्रिया ने शुरुआती राउंड में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की।


पहले राउंड में पिछड़ीं प्रिया


मुकाबले के पहले राउंड में प्रिया और समदोवा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दोनों मुक्केबाजों ने संभलकर शुरुआत की। ताजिकिस्तान की बॉक्सर ने कुछ अच्छे पंच लगाए, जबकि प्रिया ने भी आखिरी 90 सेकंड में आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि, हांगझोऊ एशियन गेम्स में 57 किग्रा वर्ग का ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली समदोवा ने पहला राउंड 3-2 से अपने नाम किया।


दूसरे राउंड में की शानदार वापसी


दूसरे राउंड में प्रिया ने आक्रामक अंदाज में मुकाबले में वापसी की। उन्होंने शानदार कॉम्बिनेशन पंच लगाकर समदोवा पर दबाव बनाया। इस दौरान ताजिकिस्तानी मुक्केबाज को एक अंक की पेनाल्टी भी मिली। प्रिया ने इस राउंड में सभी पांच जजों का समर्थन हासिल करते हुए 5-0 से जीत दर्ज की और मुकाबले में बढ़त बना ली।


निर्णायक राउंड में भी दिखाया दम


तीसरे और अंतिम राउंड में समदोवा ने जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी। उन्होंने कई अच्छे पंच लगाए, लेकिन प्रिया ने भी जवाबी हमले जारी रखे। समदोवा को बैकफुट पर धकेलते हुए भारतीय मुक्केबाज ने निर्णायक राउंड में भी 5-0 से जीत हासिल की। पांचों जजों ने प्रिया के पक्ष में फैसला सुनाया। तीन जजों ने उन्हें 29-27 से विजेता माना, जबकि दो जजों ने 30-26 के स्कोर से उनकी जीत पर मुहर लगाई।


सेमीफाइनल में चीन की यांग चेंग्यु से मुकाबला


सेमीफाइनल में प्रिया का सामना चीन की यांग चेंग्यु से होगा। बुधवार को होने वाले इस मुकाबले में जीत हासिल कर वह गोल्ड मेडल के मुकाबले में जगह बनाने की कोशिश करेंगी। यांग चेंग्यु दो बार विश्व चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2023 एआईबीए विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड और 2025 विश्व चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।


भारत का बॉक्सिंग में पांचवां मेडल सुनिश्चित


आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का बॉक्सिंग में पांचवां पक्का मेडल है। इससे पहले दिन में भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और अपना पदक सुनिश्चित किया। हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 की सिल्वर मेडलिस्ट लवलीना ने इस जीत के साथ अपने दूसरे एशियन गेम्स पदक पर भी मुहर लगा दी है। DD

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports