रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और अतिरिक्त डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में कोतवाली डिवीजन के गोलबाजार, गंज और मौदहापारा थाना क्षेत्रों में विजिबल पुलिसिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 7 और 8 सितंबर 2026 को प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर धारदार चाकू रखने के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के कब्जे से चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
थाना गंज पुलिस की कार्रवाई में निरीक्षक दीपक पासवान की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नितेश सोनी (19), निवासी राजीव आवास, गोलबाजार — तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे से स्टील का धारदार चाकू बरामद।
अशोक भाण्डेकर (40), निवासी कमाशीपारा, गोलबाजार — नहरपारा आम रोड क्षेत्र से स्टील का धारदार चाकू बरामद।
वहीं थाना मौदहापारा पुलिस की कार्रवाई में निरीक्षक शक्ति सिंह की टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ा।
धन्नू साहू (20), निवासी रामेश्वर नगर, खमतराई — ताज चौक, मेकाहारा अस्पताल रोड से लोहे का धारदार चाकू बरामद।
रविन्द्र साठे (40), निवासी सन्यासीपारा, खमतराई — मेकाहारा अस्पताल के एम्बुलेंस स्टैंड के पास से चाकू बरामद।
मनोज यादव (34), निवासी रावांभाठा आदर्श पारा, खमतराई — मेकाहारा अस्पताल सुलभ के पास से लोहे का धारदार चाकू बरामद।
गोलबाजार थाने में बदमाशों की परेड
पुलिस ने केवल चाकूबाजों के खिलाफ कार्रवाई तक अभियान सीमित नहीं रखा, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय और सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों की भी सघन निगरानी शुरू की है। प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने थाना गोलबाजार में क्षेत्र के लिस्टेड गुंडा-बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों और आचरण की जानकारी ली। उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त समझाइश भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, विजिबल पुलिसिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और आपराधिक तत्वों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए आम लोगों में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है।
