नाबालिग का अपहरण, 25 लाख की ठगी और सड़क हादसों में दो की मौत



-पुलिस ने जारी की 25 गंभीर मामलों की सूची, चाकूबाजी और नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार को कानून-व्यवस्था की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपहरण, धोखाधड़ी, सड़क हादसे, चोरी और आम्र्स एक्ट के कुल 25 गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने कई मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

नाबालिग का अपहरण और नौकरी के नाम पर बड़ी ठगी

अपराधों की इस सूची में मुजबहन थाना क्षेत्र का मामला बेहद संवेदनशील है, जहां एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर 25 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। शातिर आरोपी ने पीडि़तों को सहायक ग्रेड-03 और लैब टेक्नीशियन के पदों पर फर्जी चयन सूची और नियुक्ति पत्र दिखाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। इसके अतिरिक्त, खमतराई में एक साइबर ठग ने फोन पर रिश्तेदार बनकर एक व्यक्ति से 70 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

सड़क हादसों में दो ने गंवाई जान

तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। उरला क्षेत्र में एक हाइड्रा वाहन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, मोवा थाना क्षेत्र में एक बेकाबू ट्रक की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर ने दम तोड़ दिया। टिकरापारा, सिविल लाइंस और डीडी नगर में भी तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ दुर्घटना के मामले दर्ज किए गए हैं।

चाकूबाजों और नशा तस्करों पर कसा शिकंजा

अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरस्वती नगर पुलिस ने 2.162 किलोग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को दबोचा है। गुढिय़ारी क्षेत्र में सरेराह चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो अलग-अलग आरोपियों को गिरफ्तार कर आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही आजाद चौक और टिकरापारा पुलिस ने अवैध शराब बेचने और पिलाने वालों के खिलाफ भी शिकंजा कसा है। मौदहापारा, टिकरापारा और गुढिय़ारी थाना क्षेत्रों में तीन मोटरसाइकिलें चोरी होने की शिकायतें भी दर्ज की गई हैं। पुलिस सभी मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।

(बाक्स)

अपहरण: मुजगहन में 14 वर्षीय नाबालिग का अपहरण

ठगी: खमतराई में 70 हजार रुपए की फोन ठगी

बड़ी धोखाधड़ी: कोतवाली में नौकरी के नाम पर 25 लाख रुपए की ठगी

सड़क हादसे: उरला और मोवा क्षेत्र में दो मौतें

चोरी: तीन थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी

नशे पर कार्रवाई: शराब और गांजा जब्ती

आम्र्स एक्ट: गुढिय़ारी में चाकू लेकर आतंकित करने के दो मामले दर्ज

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports