सीएम साय ने जारी किया नया लोगो
रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (हाउसिंग बोर्ड) अब केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधोसंरचना विकास (इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट) के बड़े प्रोजेक्ट्स पूरे कर राज्य की प्रगति को नई गति देगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नवीन लोगो (Logo) का विमोचन करते हुए की।
इस गरिमामय समारोह में वर्ष 2025 के आवास मेले के दौरान घर बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए लकी ड्रा निकाला गया और विजेताओं को कार, स्कूटी व अन्य उपहार बांटे गए। साथ ही, मंडल का नया लोगो डिजाइन करने वाले युवा श्री अंशुल कश्यप को ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक सौंपा गया।
दो साल में 1532 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हाउसिंग बोर्ड की टीम की सराहना करते हुए कहा कि मंडल ने बीते दो वर्षों में आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए शानदार काम किया है। इस दौरान रिकॉर्ड 7,388 संपत्तियों की बिक्री कर 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है।
सीएम साय ने सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा:
"हमारी सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में हमने 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी थी। आज प्रदेश में साढ़े दस लाख से अधिक जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर बन चुके हैं और हर दिन लगभग 1,600 नए आवास तैयार हो रहे हैं। इसके साथ ही, सुशासन को प्राथमिकता देते हुए 'सेवा सेतु' ऐप के जरिए 450 से अधिक सरकारी सेवाएं अब घर बैठे मोबाइल पर उपलब्ध हैं।"
पूंजीगत व्यय बढ़ाना हमारी इकोनॉमिक फिलॉसफी: ओ.पी. चौधरी
आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने इस अवसर पर विभाग में किए गए बड़े प्रशासनिक और वित्तीय सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा:
नया वित्तीय अनुशासन: अब किसी भी नई आवासीय परियोजना का निर्माण तभी शुरू किया जाएगा, जब उसकी पर्याप्त एडवांस बुकिंग सुनिश्चित हो जाएगी। इससे वित्तीय जोखिम और अनावश्यक निर्माण से बचा जा सकेगा।
वन टाइम सेटलमेंट: सरकार ने वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू कर वर्षों से लंबित पड़ी संपत्तियों की बिक्री को रफ्तार दी है, जिससे मंडल की वित्तीय स्थिति बेहद मजबूत हुई है।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि पूंजीगत व्यय करने वाले विभागों को आर्थिक व मानव संसाधन से सक्षम बनाना ही सरकार की मूल वित्तीय नीति है, ताकि राज्य में विकास कार्य और आर्थिक गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ सकें।
मांग और गुणवत्ता पर रहेगा जोर: अनुराग सिंहदेव
मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि गृह निर्माण मंडल का विस्तार कर इसे 'अधोसंरचना विकास मंडल' बनाना एक ऐतिहासिक कदम है। भविष्य में बोर्ड मांग आधारित, उच्च गुणवत्ता और वित्तीय रूप से व्यावहारिक परियोजनाओं पर ही फोकस करेगा।
लकी ड्रा में खुला खुशियों का पिटारा
आवास मेले में घर बुक कराने वाले ग्राहकों के लिए आयोजित लकी ड्रा के नौ विजेताओं को मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत किया गया:
- प्रथम पुरस्कार (कार): सारंगढ़ की श्रीमती पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में चमचमाती कार की चाबी सौंपी गई।
- अन्य पुरस्कार: इसके अलावा विजेताओं को स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी जैसे आकर्षक इनाम दिए गए।
इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, मंडल के आयुक्त श्री अवनीश शरण सहित विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
