- - ईरान का कुवैत-बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल-ड्रोन हमला; अमेरिका ने केश्म द्वीप को बनाया निशाना
- -अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में टैंकर रोकने को लेकर भड़का विवाद, पेंटागन ने कहा- 'ईरानी हमले किए नाकाम'
तेहरान/वॉशिंगटन । हॉर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सीधे सैन्य टकराव की शुरुआत हो गई है। इस ताजा और भारी गोलाबारी ने दोनों देशों के बीच लागू युद्धविराम समझौते पर संकट के बादल गहरे कर दिए हैं, जिससे शांति प्रयासों में बड़ा गतिरोध आने की आशंका है।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गाड्र्स कॉप्र्स ने दावा किया है कि केश्म द्वीप पर हुए अमेरिकी हमले के जवाब में उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय, सैन्य एयरबेस और हेलीकॉप्टरों पर मिसाइलों और ड्रोन से ताबड़तोड़ हमले किए गए।
अमेरिका ने कहा- हमले किए नाकाम
उधर, अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने ईरान के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उसने कुवैत और बहरीन पर हुए ईरानी मिसाइल एवं ड्रोन हमलों को पूरी तरह नाकाम कर दिया है। सेंटकॉम के अनुसार, कुवैत पर दागी गई दो ईरानी मिसाइलें रास्ते में ही गिर गईं या टूट गईं, जबकि बहरीन को निशाना बनाने वाली तीन मिसाइलों को अमेरिका और बहरीन के रक्षा बलों ने हवा में ही इंटरसेप्ट (रोक) कर लिया। इसके अतिरिक्त, कुवैत में अमेरिकी बलों को निशाना बनाकर छोड़े गए असंख्य आत्मघाती ड्रोनों को बिना किसी नुकसान के निष्क्रिय कर दिया गया।
खाली टैंकर को लेकर शुरू हुआ विवाद
सेंटकॉम के अनुसार, यह ताजा विवाद तब शुरू हुआ जब मंगलवार को अमेरिकी बलों ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हॉर्मुज जलडमरूमध्य की अमेरिकी नाकेबंदी को तोडऩे का प्रयास कर रहे एक खाली टैंकर को रोकने की कार्रवाई की। बोत्सवाना के ध्वज वाले 'एम/टी लेक्सीÓ नामक इस टैंकर को चालक दल ने 24 घंटे की अवधि में बार-बार दी गई चेतावनियों के बाद भी नहीं रोका। जब यह टैंकर कुवैत के पास जलडमरूमध्य के उत्तर में स्थित ईरान के खार्ग द्वीप की ओर बढ़ रहा था, तब अमेरिकी विमान ने इसके इंजन को निष्क्रिय करने के लिए एक हेलफायर मिसाइल दागी।
इसके तुरंत बाद अमेरिकी बलों ने ईरान के केश्म द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों और एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन पर भी हवाई हमले किए। सेंटकॉम ने यह भी जानकारी दी कि उसने क्षेत्रीय जलक्षेत्र से वैध रूप से गुजर रहे नागरिक नाविकों की ओर ईरान द्वारा लॉन्च किए गए तीन 'वन-वे अटैक ड्रोनÓ को हवा में ही मार गिराया है। क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।
