रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को एक बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि राज्य में 'मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना' की अवधि को अगले 3 महीनों के लिए और बढ़ाया जाएगा। इससे बकायादार उपभोक्ता सरचार्ज माफी और आकर्षक छूट का लाभ उठाकर अपने लंबित बिलों का भुगतान आसानी से कर सकेंगे।
यह महत्वपूर्ण घोषणा मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित 'संत कबीर महोत्सव' के दौरान की। इस भव्य महोत्सव में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित देश के प्रख्यात संत गुरु असंग देव विशेष रूप से शामिल हुए। सभी दिग्गजों ने आश्रम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
संत कबीर की शिक्षाओं से मजबूत होगी सामाजिक समरसता: थावरचंद गहलोत
महोत्सव को संबोधित करते हुए कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज और राष्ट्र को सही रास्ता दिखाता है। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और पाखंड से ऊपर उठकर हर मनुष्य को प्रेम और विवेक के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। आज जब समाज के सामने नैतिक चुनौतियां हैं, तब कबीर की वाणी और प्रासंगिक हो गई है।
छत्तीसगढ़ कबीरपंथियों की पावन तपोभूमि: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भावुक होते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि और उनके लाखों अनुयायियों की पावन धरती है। उन्होंने कहा कि मेरा बचपन स्वयं कबीरपंथी समाज के बीच बीता है, इसलिए संत कबीर की साखियों और विचारों का मेरे जीवन पर बहुत गहरा प्रभाव है। कबीर दास जी ने निर्भीक होकर सामाजिक कुरीतियों, छुआछूत और आडंबर के खिलाफ जनजागरण किया। हमारी सरकार उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए संकल्पित है।
बस्तर में बह रही विकास की गंगा, पूरे हो रहे 'मोदी की गारंटी' के वादे
कार्यक्रम में उपस्थित अध्यात्मिक संत गुरु असंग देव जी ने प्रदेश के बदलते हालातों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक समय नक्सलवाद के कारण जिन क्षेत्रों में कदम रखना मुश्किल था, वहां अब सुरक्षा बलों के साहस और साय सरकार के प्रयासों से शांति लौट आई है। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत राज्य में 18 लाख गरीबों के आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक मकान पूरे भी हो चुके हैं। इसके साथ ही महिलाओं के लिए 'महतारी वंदन योजनाÓ, विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 'पीएम जनमन योजनाÓ, और 'श्रीरामलला दर्शन योजनाÓ का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री की दो बड़ी सौगातें और कड़े निर्देश
इस गरिमापूर्ण मंच से मुख्यमंत्री ने जनता की सहूलियत के लिए दो बेहद महत्वपूर्ण प्रशासनिक और आर्थिक घोषणाएं कीं:
बिजली बिल भुगतान योजना में 3 माह का विस्तार
उपभोक्ताओं को लंबित बिजली बिलों के बोझ से राहत देने के लिए समाधान योजना की अवधि 3 महीने और बढ़ा दी गई है। अब उपभोक्ता बिना भारी सरचार्ज (ब्याज) के अपना पुराना बकाया जमा कर पाएंगे।
'सीएम हेल्पलाइन 1076 से समस्याओं का त्वरित निपटारा
आम जनता की शिकायतों के सीधे और समयबद्ध निवारण के लिए राज्य सरकार ने 'मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में अधिकारियों को चेतावनी दी कि तय समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।
महापुरुषों के विचारों को जीवन में उतारना जरूरी: डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कबीर दास जी के मधुर व्यवहार और संयमित वाणी को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आश्रम में किया गया वृक्षारोपण आने वाली पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि ढोंग-आडंबर से दूर रहकर सत्य और सेवा का मार्ग अपनाकर ही राष्ट्र का कल्याण संभव है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, इंद्र कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं कबीरपंथी श्रद्धालु उपस्थित थे।
