22 राज्यों में पहुंचकर सुस्त पड़ी मानसून की चाल, पूर्वोत्तर डूबा, यूपी-बिहार में अब भी 'लू' का कहर



-एमपी में ट्रैक्टर बहा, छत्तीसगढ़ में दीवार गिरने से दो मासूमों की मौत

-5 जुलाई तक पूरे देश में पहुंचने की उम्मीद

नई दिल्ली/ए.। देश के 22 राज्यों को अपनी आगोश में लेने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार अचानक धीमी पड़ गई है। बीते पांच दिनों से मानसून मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पाया है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जुलाई तक मानसून शेष पूरे देश को कवर कर लेगा। इस बीच, छह राज्यों में प्री-मानसून की गतिविधियां जारी हैं, जबकि असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का 'रेड और ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों से हादसों की दुखद खबरें आई हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और सुकमा में हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हैं। 


कई इलाकों में आफत बनकर बरसी बारिश

छत्तीसगढ़ (बेमेतरा): रविवार को लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई। मलबे में दबने से दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुकमा में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई और चार लोग झुलस गए।

मध्य प्रदेश (बड़वानी): सेंधवा में उफनते नाले के पुल को पार करने की कोशिश में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बह गई। ट्रैक्टर का ड्राइवर पानी के तेज बहाव में लापता है, जिसकी तलाश जारी है।


7 राज्यों में अब भी पारा 40 डिग्री के पार

एक तरफ जहां कुछ राज्यों में बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत के 7 राज्यों में भीषण गर्मी और उमस का प्रकोप जारी है। राजस्थान, यूपी, एमपी, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

  • फलोदी (राजस्थान): 43.8 Cs के साथ देश का सबसे गर्म इलाका रहा।
  • भिवानी (हरियाणा): 42.3Cs तापमान दर्ज।
  • दतिया (एमपी): 42.2Cs के साथ तप रहा है।


दिल्ली व आगरा: दिल्ली में पारा 41.9Cs और आगरा में 41.3Cs रहा।


तटीय इलाकों में 'ऑरेंज अलर्ट', पूर्वोत्तर में भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मूसलाधार बारिश की संभावना है। सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।


बिहार और राजस्थान में धूलभरी आंधी के आसार

  • बिहार: राज्य में 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी और तूफान चलने की आशंका है।
  • राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
  • हीटवेव की चेतावनी: पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों समेत मध्य प्रदेश, पश्चिमी यूपी और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में लगातार पांचवें दिन भी हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी रहेगा।


1 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?

इन राज्यों में भारी बारिश: आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा: असम और मेघालय के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports