-प्रदेशभर में बनाए गए 14,396 बूथ
-सुरक्षा चक्र मजबूत करने के लिए 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर तैनात
रायपुर । देश भर में रविवार (28 जून) को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के लिए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस महा-अभियान के तहत राज्य के शून्य से पांच वर्ष तक के 35 लाख 98 हजार 904 बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरे प्रदेश में 28,791 टीमों के साथ 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर मुस्तैद रहेंगे। जो बच्चे रविवार को बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें सोमवार और मंगलवार को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।
वनांचलों, ईंट-भट्टों और निर्माण स्थलों पर रहेगा विशेष फोकस
अभियान के सफल संचालन के लिए राज्य के सभी 33 जिलों में माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग इस बार दूरस्थ गांवों, वनांचल क्षेत्रों, शहरी झुग्गी बस्तियों, ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी और घुमंतू परिवारों के बच्चों तक विशेष रूप से पहुंच बनाएगा। जिला एवं विकासखंड स्तर पर टास्क फोर्स की बैठकें आयोजित कर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और टीकाकरण दलों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। वैक्सीन की उपलब्धता और कोल्ड चेन प्रबंधन को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।
छूट गए बच्चों के लिए 29 और 30 जून को घर-घर जाएगी टीम
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी. आर. भगत ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान के पहले दिन (रविवार) बूथों पर दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को टीमें घर-घर भ्रमण करेंगी ताकि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित बूथों पर अवश्य लेकर आएं। यदि किसी कारणवश वे बूथ तक नहीं पहुंच पाते हैं, तो घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग की अपील: अभिभावक ध्यान दें कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को, चाहे उसे पहले नियमित टीकाकरण अथवा पिछले पल्स पोलियो अभियानों में दवा मिल चुकी हो, इस अभियान में भी पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने में प्रत्येक परिवार की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ऐसे चलेगा अभियान
- लक्षित बच्चे: 35 लाख 98 हजार 904 (0 से 5 वर्ष तक)।
- कुल पोलिया बूथ: 14,396 केंद्र।
- तैनात टीमें: 28,791 टीमें।
- वैक्सीनेटर्स की संख्या: 57,000 से अधिक।
- शामिल जिले: छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिले।
- अभियान की रूपरेखा: 28 जून (रविवार): बूथ दिवस (पोलियो बूथ पर टीकाकरण)।
- 29 और 30 जून (सोमवार-मंगलवार): 'मॉप-अप' राउंड (घर-घर जाकर दवा पिलाना)।
