कानपुर में बनेगा भारत-फ्रांस एयरोनॉटिक्स स्किलिंग सेंटर, पीएम मोदी की घोषणा




नई  दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कानपुर के नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) में एयरोनॉटिक्स और डिफेंस सेक्टर में कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) स्थापित करने की घोषणा की। यह केंद्र कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की पीएम-सेतु योजना के तहत फ्रांस सरकार के सहयोग से स्थापित किया जाएगा।


एयरोनॉटिक्स और डिफेंस में उन्नत प्रशिक्षण


घोषणा भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष के उद्घाटन के दौरान संयुक्त प्रेस वक्तव्य में की गई। प्रस्तावित केंद्र एयरोनॉटिक्स, मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहाल (एमआरओ), एयरपोर्ट संचालन, रक्षा विनिर्माण और संबंधित क्षेत्रों में उन्नत कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इसे विश्वस्तरीय संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे भारत के एविएशन स्किलिंग इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी।


पीएम-सेतु योजना से आईटीआई ढांचे में बदलाव


कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि पीएम-सेतु योजना देश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के ढांचे को आधुनिक बना रही है। उनके अनुसार, कानपुर का यह केंद्र वैश्विक स्तर के कुशल एविएशन पेशेवर तैयार करेगा और उन्नत तकनीकी क्षेत्रों में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करेगा।


भारत-फ्रांस सहयोग का नया चरण


इस केंद्र की स्थापना के लिए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और फ्रांस सरकार के बीच आशय पत्र (एलओआई) का आदान-प्रदान किया गया है। यह पहल 2025 में कौशल विकास व व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण क्षेत्र में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के बाद सहयोग की अगली कड़ी है। संयुक्त पाठ्यक्रम निर्माण, प्रशिक्षक प्रशिक्षण, आदान-प्रदान कार्यक्रम, भाषा प्रशिक्षण और संरचित मोबिलिटी व्यवस्था लागू की जाएगी।


एयरोस्पेस और अंतरिक्ष क्षेत्र में भी सहयोग


दोनों देश एयरोनॉटिक्स, अंतरिक्ष और संबंधित क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए हैं। आशय पत्र में दोनों सरकारों की प्रतिबद्धता दर्ज की गई है और इसके बाद विशिष्ट गतिविधियों के लिए औपचारिक समझौता किया जाएगा। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports