एक दर्जन से अधिक सिलेंडर चोरी का खुलासा, फरार आरोपी समेत दो गिरफ्तार


रायपुर। थाना गुढिय़ारी, आरंग तथा जिला महासमुंद के थाना पटेवा क्षेत्र में सिलेंडर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले फरार आरोपी मुकेश कुमार कुकरेजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चोरी की सामग्री खरीदने वाले एक अन्य आरोपी विकास गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों के विरुद्ध थाना गुढिय़ारी में अपराध क्रमांक 03/26 के तहत धारा 305(ए), 317(2), 3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

भारत माता चौक से हुई थी चोरी

प्रार्थी सुनील पिल्लई, निवासी जनता कॉलोनी भारत माता चौक, गुढिय़ारी ने 4 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर थाना गुढिय़ारी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहले 13 सिलेंडर के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी गुढिय़ारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पूर्व में आरोपी कन्हैया लाल राजपाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 नग चोरी के सिलेंडर बरामद किए थे। यह सिलेंडर गुढिय़ारी, आरंग और महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र से चोरी किए गए थे।

फरार आरोपी की तलाश के बाद गिरफ्तारी

मुख्य आरोपी मुकेश कुमार कुकरेजा घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी। आखिरकार उसे एक चोरी की दोपहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया। उक्त वाहन के संबंध में थाना मंदिर हसौद में भी अपराध पंजीबद्ध है।

चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार

पूछताछ में मुकेश कुमार कुकरेजा ने चोरी के सिलेंडर गुढिय़ारी स्थित एक बर्तन दुकान संचालक विकास गुप्ता को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने विकास गुप्ता को भी धारा 317(2) बी.एन.एस. के तहत चोरी की सामग्री खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की दोपहिया वाहन (कीमत लगभग 40 हजार रुपये) जब्त की है। आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

1.            मुकेश कुमार कुकरेजा (33 वर्ष), निवासी जनता कॉलोनी, भारत माता चौक, थाना गुढिय़ारी, रायपुर।

2.            विकास गुप्ता (23 वर्ष), निवासी पहाड़ी चौक, लक्की बाजार, थाना गुढिय़ारी, रायपुर।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports