हवाई यात्री परिवहन को 314 अरब डॉलर का नुकसान होगा : आयटा

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) ने कोरोना वायरस 'कोविड 19 के कारण इस साल हवाई यात्री परिवहन क्षेत्र को 314 अरब डॉलर का राजस्व नुकसान होने की आशंका व्यक्त की है। आयटा ने अपने पिछले अनुमान में संशोधन करते हुए कहा है कि यदि हवाई यात्राओं पर तीन महीने और कड़े प्रतिबंध जारी रहते हैं तो इस वर्ष यात्रियों की संख्या में 48 फीसदी गिरावट दर्ज की जायेगी। इससे 314 अरब डॉलर यानी 55 प्रतिशत के राजस्व का नुकसान होगा। आयटा ने इससे पहले 24 मार्च को जारी अनुमान में 252 अरब डॉलर के नुकसान की आशंका जताई थी। संघ के महानिदेशक एलेक्जेंडर डी जुनियेक ने कहा "विमानन उद्योग का परिदृश्य दिनों-दिन अधिक अंधकारमय होता जा रहा है। जिस हद तक यह संकट फैल चुका है, वहाँ से एकाएक सुधार की उम्मीद नहीं है। व्यावहारिक रूप से धीरे-धीरे सुधार होगा। अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा से जल्दी घरेलू क्षेत्र में गति आयेगी।  आयटा की रिपोर्ट के अनुसार, एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे अधिक 113 अरब डॉलर का राजस्व नुकसान होगा। यहाँ यात्री यातायात में 50 फीसदी की गिरावट रहेगी। यूरोप में यात्री यातायात 55 प्रतिशत और राजस्व 89 अरब डॉलर, उत्तरी अमेरिका में यात्री यातायात 36 प्रतिशत और राजस्व 64 अरब डॉलर, पश्चिम एशिया में यातायात 51 प्रतिशत और राजस्व 24 अरब डॉलर, लातिन अमेरिका में यातायात 49 फीसदी और राजस्व 18 अरब डॉलर तथा अफ्रीका में यातायात 51 प्रतिशत और राजस्व छह अरब डॉलर कम होगा। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports