छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष बने सुब्रत साहू

शासन की नीति के अनुरूप उपभोक्ता सेवा-विद्युत विकास प्राथमिकता - साहू

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के ऊर्जा विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष के पद पर छगशासन के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू भारतीय प्रशासनिक सेवा (1992) की पदस्थापना की गई, तदनुसार उन्होंनें आज अपरान्ह में पॉवर कंपनी मुख्यालय, विद्युत सेवा भवन डंगनिया में पदभार ग्रहण किया। वे छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के निदेशक भी होंगे। अब तक पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष पद पर शैलेन्द्र शुक्ला पदस्थ थे। 
पदभार ग्रहण उपरान्त नवपदस्थ अध्यक्ष साहू को पॉवर वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक मोहम्मद अब्दुल केसर हक(भा.प्र.से.), ट्रंासमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार एवं जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एन.के.बिजौरा  सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष साहू ने राज्य शासन की रीति-नीति के अनुरूप पॉवर कंपनीज की गतिविधियों, योजनाओं को गति देने के साथ ही उपभोक्ता सेवा में बेहतर सुधार लाने हेतु उच्चाधिकारियों से चर्चा की। चर्चा के दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ, पुष्प हार से स्वागत के बजाय किताबें भेंट करने की परम्परा को अपनाने पर बल दिया। 
विदित हो कि पॉवर कंपनी में नवनियुक्त अध्यक्ष सुब्रत साहू, मुख्यमंत्री छगशासन के अपर मुख्य सचिव के साथ ही गृह, जेल विभाग, उर्जा, सूचना प्रोैद्योगिक, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव का दायित्व भी संभाल रहे है। दीर्घ प्रशासनिक अनुभव के साथ ही आपको हार्वर्ड विश्वविद्यालय में दो बार सम्बोधन करने का भी गौरव प्राप्त है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के तौर पर विधानसभा तथा लोकसभा निर्वाचन का निर्बाध संचालन भी आपने किया है। इस हेतु वर्ष 2019 में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्बाध और सुगम निर्वाचन कार्यों के सम्पादन के लिए आपको सम्मानित किया गया। आपने धमतरी, दुर्ग तथा सरगुजा में कलेक्टर के तौर पर अपनी सफलतम सेवाएं दी। बिलासपुर सभांग के संभाग आयुक्त के अलावा स्कूल शिक्षा, स्वास्थ विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा खाद्य विभाग में सचिव के तौर पर आपने सेवाएं दी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports