अमेरिका में शराब कारखाने में गोलीबारी, पांच कर्मचारियों की मौत

वाशिंगटन। अमेरिका के विस्कोंसिन राज्य में एक शराब कंपनी के कारखाने के कर्मचारी ने गोलीबारी कर पांच सहकर्मियों की हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या कर ली। स्थानीय मीडिया ने बताया कि यह घटना बुधवार को शराब कंपनी मोल्सन कूर्स के मिलवावुकी परिसर में हुई। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गैविन हैटर्सली ने कर्मचारियों को ई-मेल भेजकर बताया कि हमलावर कंपनी का एक सक्रिय कर्मचारी था।
मिलवावुकी पुलिस विभाग ने बताया कि पुलिस के पास गोलीबारी की घटना के संबंध में कई फोन कॉल आये। गोलीबारी की घटना अंतरराष्ट्रीय समयानुसार रात 2008 बजे घटी। पुलिस को घटनास्थल पर छह शव मिले जिनमें एक 51 वर्षीय हमलावर का भी था। उसने पहले अपने पांच सहकर्मियों को गोली मारी और उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस विभाग को अब तक गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है जिसमें फेडरल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन और एक अन्य ब्यूरो उसकी मदद कर रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। विस्कोंसिन में गोलीबारी में लोगों की मौत के बारे में संवाददाताओं द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "हमारा दिल उनके लिए दुखी है। हम अपनी संवेदनाएं प्रेषित करते हैं। यह एक खौफनाक घटना है।" गौरतलब है कि मोल्सन कूर्स के कारखाने का परिसर एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण भी है जो शहर के समृद्ध इतिहास का उदाहरण है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports