जापान में जहाज पर 60 लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव

टोक्यो। जापान के योकोहामा तट पर अलग निगरानी में रखे गए क्रूज जहाज डायमंड प्रिंसेज पर 60 और लोगों में कोरोनावायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। सरकारी अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अब तक इस जहाज पर कोरोनावायरस संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 130 हो गई है और जापान में ऐसे कुल पुष्ट मामले बढ़कर 150 हो गए हैं। इस जहाज को अलग ही रखा गया है। इस जहाज में काफी संख्या में बुजुर्ग भी हैं और जापान सरकार ने 12 से अधिक ऐसे लोगों की जांच का फैसला किया है जिनमें निमोनिया जैसे लक्षण हैंं।
मुख्य सचिव योशीहिदे सुगा ने आज यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि हम उन सभी लोगों की जांच करने की योजना बना रहे हैं जो 80 वर्ष से अधिक आयु के हैं और जिनकी हालत ठीक नहीं है। स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय ने कहा कि इन लोगों की 14 दिनों की निगरानी अवधि समाप्त होने के बाद सभी 3600 लोगों का परीक्षण किया जाएगा और परिणामों की पुष्टि होने के बाद ही इन्हें जहाज छोडऩे की अनुमति दी जाएगी। इससे पहले मंत्रालय ने कहा था कि 19 फरवरी के बाद ही लोगों को जहाज से उतरने की अनुमति दी जाएगी लेकिन अब वे परीक्षण रिपोर्टों का इंतजार करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री कातसुनोबु कातो ने कहा कि हमें अपने नागरिकों की चिंताओं और समस्याओं का पूरी तरह निपटारा करने की जरूरत हैं।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports