प्रदेश में सही मायने में विकास पिछले आठ माह से परिलक्षित हो रहे : लखमा



  •  प्रभारी मंत्री  लखमा ने कुरूद के ग्राम दर्रा, सिलौटी, सेमरा में दौरा कर किया निर्माण कार्यों का लोकार्पण


धमतरी । प्रदेश के वाणिज्य, वाणिज्यिक कर एवं उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री  कवासी लखमा ने आज कुरूद विकासखण्ड के ग्राम दर्रा, सिलौटी और सेमरा सि. का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने ग्राम दर्रा में गौठान तैयार करने की घोषणा की, साथ ही सिलौटी में 24 लाख 50 हजार के चार निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा सेमरा सि. में 34 लाख 31 हजार रूपए के चार निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश में सही मायने में विकास पिछले आठ माह से परिलक्षित हो रहे हैं। किसानों की कर्जमाफी, 2500 रूपए में धान की खरीदी, बिजली बिल हाफ, नए राशन कार्ड बनाने, शिक्षकों की भर्ती जैसे ऐतिहासिक कदम शासन द्वारा उठाए जा रहे हैं। नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी जैसी योजनाएं लाकर सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने लगातार कार्य कर रही है।
केबिनेट मंत्री  लखमा ने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि देश में सूचना क्रांति को सर्वप्रथम लागू करने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री  राजीव गांधी को जाता है। उन्होंने पंचायती राज अधिनियम लाकर गांवों को आत्मनिर्भर, सक्षम और शक्तिशाली बनाया। प्रभारी मंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश की सरकार सत्तासीन होते ही अपने वायदे के मुताबिक कर्ज में दबे किसानों की कर्जमाफी की। छत्तीसगढ़ पहला राज्य है जहां के किसानों की फसल के एक-एक दाने की कीमत अदा करने 2500 रूपए के समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाएगा। वहीं बिजली बिल आधा करके प्रदेश के किसानों को चिंतामुक्त किया। प्रदेश के प्रत्येक परिवार का अनिवार्य रूप से राशन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि किसानपुत्र मुख्यमंत्री ने हरेली, तीजपर्व जैसे स्थानीय त्यौहार के महत्व को समझते हुए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया। प्रभारी मंत्री ने ग्राम दर्रा में गौठान निर्माण किए जाने की घोषणा की। इसी तरह ग्राम सिलौटी में पांच लाख रूपए से निर्मित हाई स्कूल अतिरिक्त कक्ष, मराठा भवन, मानस भवन तथा साहू भवन (तीनों की लागत साढ़े छह-छह लाख रूपए) का लोकार्पण किया। इसके अलावा कुरूद के पूर्व विधायक  लेखराम साहू की मांग पर उन्होंने शासकीय नवीन महाविद्यालय सिलौटी में फर्नीचर एवं आवश्यक सामग्री क्रय करने के लिए पांच लाख रूपए की राशि की स्वीकृति दी। साथ ही ग्राम सेमरा सि. में पांच लाख रूपए की लागत से निर्मित शासकीय नवीन प्राथमिक भवन के अलावा अतिरिक्त कक्ष भवन (लागत पांच लाख रूपए), प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल खपरी में अहाता निर्माण (लागत पांच लाख रूपए) तथा खपरी में 19 लाख 31 हजार रूपए की लागत से तैयार किए गए स्टॉप डैम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक  मोहन लालवानी,  रामकुमार अग्रवाल, कलेक्टर  रजत बंसल, एसपी  बालाजी राव, डीएफओ  अमिताभ बाजपेयी, जनपद पंचायत भखारा के पूर्व अध्यक्ष  भरत नाहर, जिला पंचायत सदस्य  नीशु चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन मौजूद थे। इसके उपरांत मंत्री  लखमा ने स्थानीय गांधी चैक पर नारबोद पर्व के आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए तथा प्रतिभागियों से मिलकर उनकी हौसला अफजाई की।
खपरी में सुपोषण माह का किया शुभारम्भ:- केबिनेट मंत्री  लखमा ने ग्राम सेमरा सि. प्रवास के दौरान आज वहां महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सुपोषण माह का शुभारम्भ किया। सुपोषण माह एक सितम्बर से 30 सितम्बर के बीच आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने 10 महिलाओं तथा पांच किशोरियों को सुपोषण किट भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुपोषित जीवन की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports