आय से अधिक संपत्ति का मामला : अमन कुमार सिंह के खिलाफ जांच के आदेश


रायपुर । पूर्ववती भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के प्रमुख सचिव रहे अमन कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में राज्य सरकार ने जांच का आदेश जारी कर दिया है।
सूत्रों ने बताया कि अमन कुमार सिंह पर पद का दुरुपयोग कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद प्रमुख सचिव रेणु पिल्ले को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ज्ञात हो कि पीसीसी सचिव विकास तिवारी ने मुख्य सचिव से शिकायत की थी कि जिसमें बिंदुवार तथ्यों को प्रस्तुत करते हुए जांच की मांग की गई थी। राज्य शासन तक यह शिकायत पहुंची और इसके बाद अब राज्य सरकार ने मामले में जांच का आदेश जारी कर दिया है। प्रमुख सचिव रेणु पिल्ले को इस पूरे मामले की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य सचिव को भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी रहे अमन कुमार सिंह वर्ष 2004 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्त हुए थे। इस दौरान उनके पास कोई बड़ी संपत्ति नहीं थी, लेकिन इसके बाद उनके पास बेहिसाब संपत्ति आती गई। मुख्यमंत्री सचिवालय में रहते हुए उन्होंने कई चल-अचल संपत्ति अर्जित की और अपने पद का दुरुपयोग किया। शिकायत में कहा गया था कि तमाम संपत्तियां अवैध तरीके से अर्जित की गई हैं। इसमें नई दिल्ली के महारानी बाग इलाके में एफ-5 ब्लाक के प्रथम तल में करीब 12 करोड़ रूपए का मकान शामिल है। इसके अलावा शिमला में एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी के गेस्ट हाउस को करोड़ों रूपए में खरीदा गया, राजनांदगांव-खैरागढ़ रोड पर पत्नी यास्मीन सिंह के नाम पर पांच सौ एकड़ की बेनामी संपत्ति भी शामिल है। इसके अलावा भी अमन सिंह व उनके परिजनों के नाम पर बेहिसाब संपत्ति बनाई गई है।  

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports