सिंधिया-दिग्विजय एक-एक लाख से भी ज्यादा मतों से पीछे, मध्यप्रदेश में भाजपा 28 सीटों पर आगे


भोपाल ।  देश भर में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी बढ़त के बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश की अपनी-अपनी संसदीय सीटों से अपने प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों से दोपहर तीन बजे तक करीब एक लाख से भी ज्यादा मतों से पिछड़ गए हैं।
मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 28 पर दोपहर तीन बजे तक पार्टी प्रत्याशी अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह जहां भोपाल से भाजपा की प्रज्ञा सिंह ठाकुर से एक लाख 62 हजार मतों से पिछड़ गए हैं, वहीं श्री सिंधिया गुना सीट पर भाजपा के के पी यादव से करीब एक लाख मतों से पीछे हैं।
चार सीटों होशंगाबाद, इंदौर, विदिशा और खजुराहो में पार्टी प्रत्याशी क्रमश: उदय प्रताप सिंह, शंकर लालवानी, रमाकांत भार्गव और वी डी शर्मा अपने नजदीकी कांग्रेस प्रत्याशियाें से करीब चार लाख से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त बना चुके हैं।
एकमात्र छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ आगे हैं। हालांकि उनकी ये बढ़त भी मात्र 37 हजार मतों की है।
मंदसौर से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन करीब सवा दो लाख मतों से भाजपा प्रत्याशी सुधीर गुप्ता से पीछे हैं।
मुरैना से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास रावत से करीब 29 हजार मतों से आगे हैं। वहीं खंडवा से नंदकुमार सिंह चौहान ने भी अपने नजदीकी कांग्रेस प्रत्याशी अरुण यादव से करीब ढाई लाख मतों की बढ़त बनाई हुई है। दमोह से भाजपा के प्रहलाद पटेल कांग्रेस के प्रताप सिंह से करीब दो लाख मतों से आगे हैं। मंडला से पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी कांग्रेस के कमल मरावी से 69 हजार मतों से आगे हैं।
सतना में भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह, सीधी में भाजपा प्रत्याशी रीति पाठक, बैतूल में भाजपा प्रत्याशी डी डी उइके, धार से पार्टी प्रत्याशी छतर सिंह दरबार, खरगोन से गजेंद्र पटेल भी अपने नजदीकी कांग्रेस प्रत्याशियों से आगे चल रहे हैं। जबलपुर से भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह करीब तीन लाख मतों से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा पर बढ़त बनाए हुए हैं। बालाघाट सीट से भाजपा के ढाल सिंह बिसेन, देवास से महेंद्र सोलंकी और राजगढ़ से रोडमल नागर भी लगातार आगे चल रहे हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports