भारतीय नौसेना को मिला स्वदेशी गोताखोरी सहायता पोत डीएससी ए21, पानी के भीतर निरीक्षण और बचाव क्षमता होगी मजबूत

 



मुंबई।  भारतीय नौसेना को गोताखोरी सहायता पोत (डीएससी) परियोजना के तहत निर्मित डीएससी ए21 (यार्ड 326) सौंप दिया गया है। 20 नवंबर, 2026 को मुंबई स्थित नौसेना गोदी में इस पोत की सुपुर्दगी की गई। इसका स्वदेशी डिजाइन और निर्माण कोलकाता की मेसर्स टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड (टीआरएसएल) ने किया है। यह पोत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल का उदाहरण है।


कैटामरन डिजाइन से तैयार किया गया पोत


डीएससी ए21 को दो पतवारों वाली संरचना के कैटामरन डिजाइन पर बनाया गया है। यह अत्याधुनिक गोताखोरी उपकरणों से लैस है। इसके उन्नत डिजाइन से पोत को अधिक स्थिरता, डेक पर अतिरिक्त जगह और समुद्र में बेहतर संचालन क्षमता मिलती है। ये विशेषताएं इसे नौसेना को सौंपे गए विशेष कार्यों के लिए उपयुक्त बनाती हैं।


नौसेना और आईआरएस के मानकों के अनुरूप निर्माण


इस पोत को भारतीय नौसेना के नियमों और भारतीय पोत पंजीकरण (आईआरएस) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित किया गया है। डिजाइन के चरण में इसके जलगतिकीय विश्लेषण और मॉडल परीक्षण की जिम्मेदारी विशाखापत्तनम स्थित नौसेना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला (एनएसटीएल) ने निभाई।


गोताखोरी और पानी के भीतर बचाव कार्यों में मिलेगी मदद


डीएससी ए21 के नौसेना में शामिल होने से गोताखोरी सहायता, पानी के भीतर निरीक्षण और बचाव कार्यों में सहायता जैसी क्षमताओं को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा तटीय क्षेत्रों में नौसेना की परिचालन तैनाती की क्षमता भी बढ़ेगी। अत्याधुनिक उपकरणों से लैस यह पोत समुद्र के भीतर किए जाने वाले विभिन्न विशेष अभियानों में उपयोगी साबित होगा।


‘मेक इन इंडिया’ पहल का उदाहरण


डीएससी ए21 भारत सरकार और रक्षा मंत्रालय की ‘मेक इन इंडिया’ पहल का गौरवपूर्ण उदाहरण है। इसका स्वदेशी डिजाइन और निर्माण भारतीय रक्षा उत्पादन क्षेत्र में घरेलू क्षमता तथा तकनीकी दक्षता को दर्शाता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports