- करपावंड मंडल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्यशाला, संतोष बाफना ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मंडल के बूथों तक पहुंचेगा सेवा और सुशासन का संदेश
- 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान को लेकर बस्तर विधानसभा के करपावंड मंडल में कार्यशाला आयोजित की गई। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संगठन की विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यशाला में जगदलपुर विधानसभा के पूर्व विधायक संतोष बाफना मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संतोष बाफना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुशासन की यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है। सेवा संकल्प अभियान उनके सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मंडल प्रभारी खितेश मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों का सेवा काल भारत को विश्व पटल पर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा है। करपावंड मंडल का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा।
मंडल अध्यक्ष तरुण पाण्डे ने कहा कि प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियां और नेतृत्व कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। अभियान के माध्यम से मंडल के प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर जनता के बीच सेवा और सुशासन का संदेश पहुंचाया जाएगा।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा सेवा का संदेश
कार्यशाला में सभी शक्ति केंद्रों के प्रभारी,संयोजक और सह संयोजकों सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक माह तक चलने वाले अभियान में संगठन की गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा,सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में निरंतर सक्रिय रहने के संकल्प के साथ हुआ।
