नई दिल्ली । भारत मंडपम में 11 और 12 सितंबर 2026 को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के तहत ‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स एक्सपोज़िशन’ का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर आयोजित इस प्रदर्शनी में भारत के 37 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर अपने नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। पीएम मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के प्रदर्शनी में पहुंचने की उम्मीद है।
डीप-टेक नवाचारों को मिलेगा वैश्विक मंच
‘भारत इनोवेट्स’ केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसे भारतीय उच्च शिक्षा व्यवस्था से निकलने वाले नवाचारों के लिए वैश्विक गतिवर्धक के तौर पर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य स्टार्टअप, उच्च शिक्षा संस्थानों, प्रयोगशालाओं और रिसर्च पार्कों को कॉरपोरेट, निवेशकों, इनक्यूबेटर, विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और सरकारों सहित वैश्विक हितधारकों से जोड़ना है।
ब्रिक्स थीम के तहत 37 स्टार्टअप प्रदर्शित
भारत मंडपम में होने वाली बीबीआई प्रदर्शनी में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम ‘मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण’ के तहत 37 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर को प्रदर्शित किया जाएगा। ये उन 120 स्टार्टअप और वेंचर के समूह का हिस्सा हैं, जिन्होंने जून 2026 में नीस, फ्रांस में आयोजित भारत इनोवेट्स के पहले संस्करण में भाग लिया था।
ब्रिक्स बिजनेस फोरम के साथ होगा आयोजन
11 सितंबर को प्रदर्शनी का आयोजन ब्रिक्स बिजनेस फोरम के साथ किया जा रहा है। इससे भारतीय अन्वेषकों को ब्रिक्स सदस्य देशों के सीईओ, निवेशकों, बिजनेस लीडर्स और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा। इसके जरिए बी2बी बातचीत, तकनीकी साझेदारी, निवेश, कारोबारी संपर्क और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच के अवसर उपलब्ध होंगे।
ब्रिक्स शिक्षा ट्रैक की प्राथमिकताओं को बढ़ावा
प्रदर्शनी ब्रिक्स शिक्षा ट्रैक की ‘शोध, नवाचार और स्टार्टअप व्यवस्था को बेहतर बनाना’ प्राथमिकता को भी आगे बढ़ाएगी। यह भारत की 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत पहचाने गए पांच प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में शामिल है।
पीएम मोदी समेत कई प्रमुख हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद
पीएम मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और ब्रिक्स देशों के नेताओं के बीबीआई एक्सपोजिशन में पहुंचने की उम्मीद है। ब्रिक्स बैठकों से जुड़े वरिष्ठ भारतीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के अलावा सदस्य देशों के सीईओ, निवेशक और वरिष्ठ कारोबारी नेता भी 11-12 सितंबर को प्रदर्शनी का दौरा कर सकते हैं।
स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय कारोबार का मंच
बीबीआई एक्सपोजिशन में हिस्सा लेने वाले स्टार्टअप और अन्वेषकों को ब्रिक्स सीईओ और निवेशकों तक सीधी पहुंच मिलेगी। इसके अलावा राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के सामने अपने नवाचार प्रस्तुत करने, फिक्की, सीआईआई और एसोचैम के सहयोग से बी2बी बैठकें तथा स्ट्रक्चर्ड मैचमेकिंग के अवसर मिलेंगे। इससे भारतीय नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक और कूटनीतिक अवसरों में बदलने में मदद मिलेगी।
नीस में हुआ था भारत इनोवेट्स का पहला संस्करण
‘भारत इनोवेट्स 2026’ का पहला संस्करण भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 के तहत 14 से 16 जून को नीस में आयोजित किया गया था। इसका उद्घाटन पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त रूप से किया था। तीन दिवसीय कार्यक्रम में 13 थीम वाले क्षेत्रों में भारत के 120 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर तथा 15 संस्थानों को प्रदर्शित किया गया था। इसमें 29 देशों के 2,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान 30 से अधिक सहयोग समझौते और साझेदारियां हुईं तथा 1,350 बी2बी बैठकों के बाद भारतीय स्टार्टअप्स और वेंचर्स ने 254.5 मिलियन डॉलर की फंडिंग प्रतिबद्धताएं हासिल की थीं।
ब्रिक्स शिक्षा गतिविधियों को भी मिली गति
ब्रिक्स भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन शिक्षा मंत्रालय की उन गतिविधियों का हिस्सा है, जिन्हें भारत की 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आगे बढ़ाया गया है। मंत्रालय ने 5 अगस्त को शिक्षा पर ब्रिक्स के वरिष्ठ अधिकारियों की तीसरी बैठक और 7 अगस्त को भुवनेश्वर में 13वीं ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों की बैठक आयोजित की थी। शिक्षा मंत्रियों की बैठक में 13वें ब्रिक्स शिक्षा मंत्रियों के घोषणापत्र को अपनाया गया।
पांच प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर जोर
घोषणापत्र में शुरुआती बचपन की देखभाल एवं शिक्षा, बुनियादी साक्षरता एवं संख्या-ज्ञान, कौशल विकास एवं टीवीईटी, शोध-नवाचार एवं स्टार्टअप व्यवस्था, योग्यताओं की आपसी मान्यता तथा शैक्षणिक नेतृत्व और संस्थागत विकास के लिए क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की रूपरेखा तय की गई है।
