पीएम मोदी बोले- तीन देशों की यात्रा से व्यापार, सुरक्षा और सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई गति



नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर रहेंगे। दौरे पर रवाना होने से पहले जारी अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, 'महासागरÓ विजन और स्वतंत्र, खुले एवं समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दौरे से तीनों देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिलेगी।

इंडोनेशिया के साथ रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा विस्तार

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह 6 से 8 जुलाई तक राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर इंडोनेशिया की यात्रा करेंगे। वर्ष 2018 में भारत और इंडोनेशिया ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था और उसके बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति प्रबोवो की जनवरी 2025 में भारत यात्रा के बाद यह दौरा दोनों देशों की बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ योग्याकार्ता स्थित प्रम्बनन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे, जो दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है।


ऑस्ट्रेलिया में रक्षा, व्यापार और नई प्रौद्योगिकी पर होगी चर्चा

पीएम नरेंद्र मोदी ने बताया कि इंडोनेशिया के बाद वह ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज़ के निमंत्रण पर मेलबर्न जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अल्बानीज़ के साथ उनकी बातचीत में रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा, परिवहन और जन-संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। इसके अलावा दोनों देश उभरती और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, खेल तथा खेल विज्ञान के क्षेत्र में भी सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेलबर्न में उन्हें भारतीय प्रवासी समुदाय से मिलने का भी अवसर मिलेगा, जो भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है।

न्यूजीलैंड के साथ आर्थिक रिश्तों को मिलेगी नई गति

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के बाद वह न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर ऑकलैंड जाएंगे। उन्होंने कहा कि मार्च 2025 में प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के संबंध और मजबूत हुए हैं तथा यह यात्रा उसी गति को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने मुक्त व्यापार समझौते के माध्यम से द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है। इस दौरान वह भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे और उनके योगदान की सराहना करेंगे।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की भूमिका होगी और मजबूत

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्वी और दक्षिणी हिंद महासागर क्षेत्र में स्थित इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, 'महासागरÓ विजन और स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत के दृष्टिकोण को और अधिक सशक्त बनाएगी। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports