G7 समिट : फैमिली फोटो से पहले पीएम मोदी ने नेताओं से साझा किए विचार, राष्ट्रपति मैक्रों को कहा धन्यवाद

 


नई दिल्ली। G7 समिट की आधिकारिक फैमिली फोटो के दौरान पीएम मोदी कई देशों के नेताओं से बातचीत करते नजर आए। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर नेताओं के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “आज दोपहर एवियन में G7 समिट की बैठक शुरू होने से पहले। G7 नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान हमेशा उपयोगी होता है।”


एमईए ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी समेत सभी नेता फ्रांस के एवियन में आयोजित 52वें G7 समिट की फैमिली फोटो के लिए एक साथ आए। यह वैश्विक चुनौतियों से निपटने और सबके साथ विकास को बढ़ावा देने की सामूहिक कोशिश की दिशा में एक और कदम है।” 


प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को एवियन G7 समिट में स्वागत करने के लिए धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने आउटरीच सत्र से पहले मुलाकात की, एक-दूसरे का अभिवादन किया और गले भी मिले।


पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “मेरे दोस्त राष्ट्रपति मैक्रों, एवियन में स्वागत करने के लिए आपका धन्यवाद।”


विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, दोनों नेताओं ने कुछ दिन पहले नीस में हुई अपनी सकारात्मक द्विपक्षीय बातचीत को आगे बढ़ाया। अब दोनों नेता अपनी बातचीत को बहुपक्षीय मंच पर आगे बढ़ा रहे हैं। पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी जी-7 समिट के आउटरीच सत्र के दौरान कुछ देर के लिए मुलाकात की और एक-दूसरे का अभिवादन किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports