भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान: सलीमा टेटे करेंगी नेशंस कप में कप्तानी



नई दिल्ली । हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित कर दी है। सलीमा टेटे टूर्नामेंट में टीम की कमान संभालेंगी। यह प्रतियोगिता 15 से 21 जून तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में खेली जाएगी। टीम में अनुभवी गोलकीपर सविता और बीचू देवी खारीबाम शामिल हैं। डिफेंस लाइन की अगुवाई सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी, निक्की प्रधान और ज्योति करेंगी। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डेब्यू करने वाली लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास को भी टीम में जगह मिली है।


मिडफील्ड में सलीमा टेटे के साथ नेहा, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम और लालरेमसियामी शामिल हैं। फॉरवर्ड लाइन की अगुवाई नवनीत कौर करेंगी, जिन्हें दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, अन्नू और इशिका का साथ मिलेगा।


ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद तैयार टीम


भारतीय महिलाएं हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के सफल दौरे से लौटी हैं, जहां उन्होंने चार फ्रेंडली मैचों की सीरीज खेली। इस दौरे ने टीम को नेशंस कप से पहले बेहतरीन तैयारी का मौका दिया। 


टीम को पूल ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है। पूल बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस शामिल हैं। भारत अपना अभियान 15 जून को अमेरिका के खिलाफ शुरू करेगा। 16 जून को जापान और 18 जून को उरुग्वे से मुकाबला होगा। सेमीफाइनल 20 जून और फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।


कोच शोर्ड मारिन का बयान


चीफ कोच शोर्ड मारिन ने कहा, “नेशंस कप हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। हम वहां जाकर एक मानक तय करना चाहते हैं, जिसे आगे के बड़े टूर्नामेंट्स- विश्व कप और एशियाई खेलों में बनाए रख सकें। हमने अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के रूप में अच्छी तैयारी की है। अब लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का समय है।”


मारिन ने स्क्वॉड चयन पर कहा, “हमने अनुभव और युवा जोश का संतुलित मिश्रण रखा है। सविता, सुशीला, निक्की और नवनीत जैसी खिलाड़ियां बड़े मैचों का दबाव जानती हैं, जबकि कई युवा खिलाड़ियों को अपना स्तर सुधारने का बेहतरीन मौका मिलेगा।”


भारतीय टीम (20 सदस्यीय):


गोलकीपर: सविता, बीचू देवी खारीबाम

डिफेंडर: सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी, लालथंतलुआंगी, शिल्पी डबास, ज्योति, निक्की प्रधान

मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम, लालरेमसियामी

फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका, अन्नू


यह टूर्नामेंट भारत की महिला हॉकी टीम के लिए विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारियों की दिशा में एक अहम पड़ाव साबित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports