डिजिटल दुनिया से विश्व पटल पर चमकेगा छत्तीसगढ़ का पर्यटन: मंत्री राजेश अग्रवाल



-लखनपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स मीट
-पर्यटन, संस्कृति और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान

रायपुर/लखनपुर । छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से सरगुजा के लखनपुर (अंबिकापुर) में 'सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशभर से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम अब केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने का सशक्त उपकरण बन चुका है।

पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग से बढ़ेगा स्थानीय रोजगार

संवाद के दौरान पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सभी डिजिटल क्रिएटर्स से आग्रह किया कि वे अपनी रील्स, ब्लॉग्स और पोस्ट के माध्यम से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, मैनपाट, सिरपुर, भोरमदेव और दंतेवाड़ा की सकारात्मक व प्रेरणादायी कहानियों को साझा करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यटन केवल किसी स्थान का प्रचार नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर स्थानीय लोगों के रोजगार, हस्तशिल्प, लोक कला और आर्थिक समृद्धि से जुड़ा हुआ है।

'स्वच्छ पर्यटन' ही बनेगा राज्य की स्थायी पहचान

मंत्री श्री अग्रवाल ने स्वच्छता को सफल पर्यटन की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला बताया। उन्होंने इन्फ्लूएन्सर्स से आह्वान किया कि वे अपने सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से 'जिम्मेदार पर्यटनÓ और साफ-सफाई का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही पर्यटकों के मन में राज्य की स्थायी छाप छोड़ेगा, जिससे छत्तीसगढ़ देश के सबसे आकर्षक पर्यटन राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकेगा।

29 और 30 जून को होने वाले 'रामगढ़ महोत्सव' के प्रचार की अपील

पर्यटन मंत्री ने आगामी 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय 'रामगढ़ महोत्सव' के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ केवल सरगुजा ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की ऐतिहासिक धरोहर है। डिजिटल क्रिएटर्स के माध्यम से इसकी ऐतिहासिकता और स्थानीय लोक कला को देशभर के लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे इस वर्ष बड़ी संख्या में संस्कृति प्रेमी इस महोत्सव से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के विकास, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा और डिजिटल मार्केटिंग पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है ताकि पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports