इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने पीएम मोदी को दी बधाई, भारत-इटली साझेदारी को बताया भविष्य की राह

 


नई दिल्ली । भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली की उनकी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी ने शुभकामनाएं दी हैं। जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं, जो एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है।”


मेलोनी ने हाल ही में रोम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई मुलाकात का उल्लेख करते हुए आगे लिखा कि उनसे दोबारा मिलना बेहद सुखद रहा। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने मिलकर भारत और इटली के बीच एक “विशेष रणनीतिक साझेदारी” की शुरुआत की है, जो भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों और उनके नागरिकों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।


ज्ञात हो, पीएम मोदी 19-20 मई 2026 को आधिकारिक यात्रा पर इटली गए थे। मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक खास संदेश भी पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!”


दोनों देशों के बीच सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में लगभग 15 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए थे। वहीं, सांस्कृतिक आदान-प्रदान वर्ष 2027 के लिए भारत-इटली ‘ईयर ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म’ शुरू करने का निर्णय लिया गया था।


इस दौरान एक मेलोडी क्षण भी काफी चर्चा में रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष को मेलोडी टॉफी उपहार स्वरूप दी थी। खुशी का इजहार करते हुए मेलोनी ने कहा था कि ये उपहार बहुत अच्छा है।


दरअसल, पीएम मोदी ने बुधवार को उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा किया। यही वजह है कि दुनिया के तमाम देशों से उन्हें बधाई दी जा रही है। इसमें मालदीव के राष्‍ट्रपति, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे, त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला-बिसेसर समेत कई नेता शामिल हैं। सभी देशों ने संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई और पीएम मोदी की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक और अद्भुत करार दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports