नीस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का संयुक्त उद्घाटन करेंगे नरेंद्र मोदी और इमैनुएल मैक्रों

 


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 14 जून, 2026 को फ्रांस के नीस स्थित पैलेस डेस एक्सपोजिशन्स में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। भारत सरकार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच नवाचार, डीप टेक और स्टार्टअप सहयोग को नई गति देना है।


120 भारतीय स्टार्टअप और 500 से अधिक निवेशक होंगे शामिल


कार्यक्रम में भारत के 120 नवोन्मेषक स्टार्टअप, 15 उच्च शिक्षा संस्थान और 500 से अधिक निवेशक भाग लेंगे। इनमें वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रमुख कॉरपोरेट समूह, वेंचर कैपिटल फर्म और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल होंगे। आयोजन एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण सहित 13 प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होगा।


कई केंद्रीय मंत्री और वैज्ञानिक सलाहकार भी रहेंगे मौजूद


प्रधानमंत्री के साथ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। भारत इनोवेट्स 2026 के लिए 120 स्टार्टअप का चयन करने वाली तकनीकी निरीक्षण समिति के अध्यक्ष और भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद भी इस आयोजन में भाग लेंगे।


भारत के डीप टेक इकोसिस्टम को मिलेगा वैश्विक मंच


नीस में पहली बार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम भारत के डीप टेक नवोन्मेषकों और स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करेगा। इसके माध्यम से भारत और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के बीच नवाचार-आधारित साझेदारियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आयोजन के दौरान डीप टेक, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप विस्तार और सीमा-पार निवेश सहयोग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी हो सकती हैं।


भारत-फ्रांस नवाचार सहयोग को मिलेगी नई दिशा


यह कार्यक्रम भारतीय और फ्रांसीसी नवाचार पारितंत्रों के बीच संस्थागत सहयोग के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा। सह-विकास, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान और उभरती प्रौद्योगिकियों के विकास को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य भारतीय नवोन्मेषकों और संस्थानों को निवेशकों, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संगठनों, उद्योगों और सरकारी एजेंसियों से जोड़ना है, जिससे निवेश, तकनीकी सत्यापन, विनिर्माण साझेदारी और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के नए अवसर विकसित हो सकें।


वैश्विक नवाचार केंद्र के रूप में मजबूत होगी भारत की पहचान


सरकार को उम्मीद है कि भारत इनोवेट्स 2026 के माध्यम से वैश्विक नवाचार नेटवर्कों के साथ भारत की भागीदारी और मजबूत होगी तथा प्रौद्योगिकी-संचालित विकास और उद्यमिता के अग्रणी केंद्र के रूप में देश की स्थिति सुदृढ़ होगी। यह आयोजन भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के अंतर्गत हो रहा है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फरवरी 2026 में मुंबई में संयुक्त रूप से की थी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports