अहमदाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज अहमदाबाद, गुजरात में नवनिर्मित ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ और ‘GREMI सिटी कैंपस’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मोदी सरकार के विजन को बड़ा मील का पत्थर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना देश को तकनीक और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था में आगे ले जाना है, जिसे यह परियोजना एक बड़े मील के पत्थर के रूप में आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, उच्च कौशल और उद्यमिता आधारित उद्योगों का विस्तार गुजरात को न्यू-एज टेक्नोलॉजी का नेतृत्वकर्ता बनाएगा।
AI और डीपटेक में भारत की बढ़ती भूमिका
अमित शाह ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि सरकार रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, एआई, ऑटोमेशन, साइबर सिक्योरिटी, डिफेंस और स्पेस टेक जैसे क्षेत्रों को तेज़ी से बढ़ावा दे रही है।
गुजरात का औद्योगिक मॉडल और विकास
उन्होंने कहा कि 2002 से गुजरात में औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को व्यवस्थित रूप दिया गया है। उनके अनुसार, गुजरात ने हर क्षेत्र में मजबूत कदम बढ़ाए हैं और औद्योगिक विकास में देश के शीर्ष राज्यों में अपनी जगह बनाई है।
सेवा क्षेत्र को नई दिशा देने पर जोर
अमित शाह ने कहा कि अब गुजरात को सेवा क्षेत्र (Service Sector) में भी शीर्ष तीन राज्यों में लाने का लक्ष्य है। इसके लिए अहमदाबाद को बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और गुरुग्राम जैसे शहरों के समकक्ष विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टेक पार्क और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
