कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में स्पष्ट बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। उसके बाद आज सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ देश के अलग-अलग राज्यों के भाजपा और एनडीए के मुख्यमंत्री और दूसरे सीनियर नेता मौजूद थे।
शपथ ग्रहण समारोह में हज़ारों समर्थकों के बीच भगवा कुर्ता और भगवा तिलक पहने सुवेंदु अधिकारी का पहनावा चर्चा का विषय रहा। राज्यपाल से पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद, सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लिया और उनकी शुभकामनाएँ स्वीकार कीं।
आज शपथ ग्रहण समारोह में सुवेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के सीनियर नेता दिलीप घोष, अग्निमित्र पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशित प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली। इस बीच, शुक्रवार को सेंट्रल ऑब्ज़र्वर अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद शाह ने मुख्यमंत्री के तौर पर सुवेंदु के नाम का ऐलान किया।
4 मई को आए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर साफ़ बहुमत हासिल किया था। जबकि तृणमूल कांग्रेस को सिफऱ् 80 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। जबकि कांग्रेस को सिफऱ् 2 और लेफ़्ट पार्टियों को सिफऱ् 1 सीट मिली।
