- कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर सुनीं समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
- शिविर में 454 आवेदनों का विभागों द्वारा त्वरित निराकरण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले में गांव-गांव तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बरकेला क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी मांगों एवं शिकायतों से संबंधित 494 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से 454 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
27 विभागों के स्टॉल, योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, मत्स्य सहित कुल 27 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने नागरिकों को विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कई आवेदनों का तत्काल निराकरण भी किया गया।
हितग्राहियों को सामग्री वितरण
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र, हितग्राहियों को जॉब कार्ड, पेंशन स्वीकृति, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, ऋण पुस्तिकाएं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बिजली बिल छूट तथा सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। महिला समूहों को आजीविका संवर्धन हेतु सीआईएफ (CIF) राशि प्रदान की गई। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने शिविर में पहुंचकर विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीणों से संवाद, मौके पर समाधान
कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव ने योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु शिविर में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। शिविर में जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष एवं सदस्यगण, सरपंच, एसडीएम श्री बनसिंह नेताम, जनपद सीईओ श्री राजेश सेंगर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
