वेदांता पावर प्लांट हादसे में अब तक 19 की मौत, 36 लोग झुलसे



- वेदांता मृतकों के परिजन को 35-35 लाख मुआवजा और नौकरी देगी
- मृतकों में छत्तीसगढ़ के 5, बिहार के 2, झारखंड के 3, पश्चिम बंगाल के 5 और उत्तर प्रदेश के 2 मजदूर शामिल

सक्ती-रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट हादसे में अब तक 1९ लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में मृतकों में छत्तीसगढ़ के 5, बिहार के 2, झारखंड के 3, पश्चिम बंगाल के 5 तथा उत्तर प्रदेश के 2 मजदूर शामिल हैं। विपक्ष ने इसे लापरवाही बताते हुए सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने जांच के लिए कमेटी बनाई और सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। 

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने मांग कि है कि प्लांट में एंबुलेंस नहीं थी, ऐसे में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। घटना के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। इध्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्लांट प्रबंधन ने मृतक के परिजनों और घायलों को सहायता राशि देने की घोषणा की है। 


पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी उठाए सवाल

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि मृतकों के परिजनों को पर्याप्त सहायता राशि दी जानी चाहिए और हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं, क्या यह प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है? प्लांट में एंबुलेंस तक नहीं थी, ऐसे में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।


सुरक्षा नियमों की अनदेखी से हादसा: ज्योत्सना

कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि यह घटना सुरक्षा नियमों की बार-बार अनदेखी का नतीजा है। इससे पहले वेदांता के कोरबा प्लांट में चिमनी निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था में पर्याप्त सुधार नहीं किया है। वेदांता लिमिटेड के संयंत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। 


कांग्रेस ने बनाई जांच कमेटी

वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने जांच समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर 9 सदस्यीय टीम बनाई गई है, जो पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। समिति का संयोजक पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व मंत्री नंदकुमार वर्मा समेत कई विधायक और संगठन के पदाधिकारी सदस्य बनाए गए हैं।


मुआवजे का ऐलान, जांच जारी

घटना के बाद कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वेदांता प्रबंधन ने मृतक परिजनों को 35-35 लाख रुपए सहायता राशि और नौकरी देने का ऐलान किया है। घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले पीएमओ ने मुआवजे की घोषणा की थी। हर मृतक के परिवार वालों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया। 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports