मुंबई। इस हफ्ते की शुरुआत सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट के साथ हुई है। सोमवार को घरेलू कमोडिटी मार्केट में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसके बाद मंगलवार, 24 मार्च को भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया पर आज सोने की कीमत 1,37,032 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 2,17,026 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है।
24 मार्च को कीमतों में बड़ी गिरावट
आज मार्केट खुलने के बाद घरेलू वायदा बाजार में सोने की कीमत 2,248 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 8,397 रुपये प्रति किलोग्राम गिर गई। सोमवार को एमसीएक्स पर सोने का भाव 1,39,280 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 2,25,423 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ।
हिस्टॉरिकल हाई से कीमतें कितनी गिरीं?
29 जनवरी, 2026 को सोने और चांदी के भाव अब तक के सबसे ऊंचे लेवल (ऑल-टाइम हाई) पर पहुंच गए थे। तब सोने का भाव 1,80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। यानी सोना अपने हिस्टॉरिकल रिकॉर्ड से 42,968 रुपये गिर चुका है। साथ ही, 29 जनवरी, 2026 को चांदी का भाव 4,20,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया था। वहां से अब चांदी 2,02,974 रुपये प्रति किलो गिर चुकी है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ता जियोपॉलिटिकल टेंशन
सोमवार को यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि वे ईरानी पावर प्लांट्स पर हमले 5 दिनों के लिए टाल देंगे। इससे मिडिल ईस्ट में बढ़ता टेंशन कम होता दिखा। हालांकि, मंगलवार को ईरान ने जवाब दिया कि उसने यूएस से कोई बातचीत नहीं की है। इससे जियोपॉलिटिकल टेंशन फिर से बढ़ता दिख रहा है। डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद कच्चे तेल की कीमत में 10 परसेंट से ज़्यादा की गिरावट आई थी, लेकिन आज यह फिर से तेज़ी पर आ गई है। इससे सोने और चांदी जैसे कीमती मेटल्स पर दबाव बढ़ रहा है।
