पटना । नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बिहार में जश्न का माहौल है। राज्य सरकार में मंत्री नितिन नबीन को लगातार बधाई देने का सिलसिला जारी है। बिहार सरकार में सहयोगी मंत्री भी नितिन नबीन को बधाई दे रहे हैं। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री दिलीप जायसवाल और श्रेयसी सिंह ने नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी जताई है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह बिहार जैसे राज्य के लिए एक स्वागत योग्य क्षण है, क्योंकि पहली बार बिहार से नितिन नबीन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं। यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा, पूरे बिहार के लिए सौभाग्य की बात है कि राज्य के एक युवा चेहरे नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
बिहार सरकार में मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा, मैं नितिन नबीन को दिल से बधाई देती हूं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भी धन्यवाद देती हूं कि एक युवा को मौका दिया गया है। पार्टी के फैसले से हम सभी लोग बहुत खुश हैं।
Tags
देश
