नई दिल्ली। दिल्ली से लंबी दूरी का सफर अब स्लीपर वंदे भारत के जरिए सुगम और सुविधाजनक होने वाला है। रेलवे इसी साल दीपावली से पहले दिल्ली से भोपाल, अहमदाबाद और पटना के रूट पर स्लीपर वंदे भारत शुरू करने की तैयारी में है। पटना के लिए चलने वाली ट्रेन की तो टाइमिंग की भी जानकारी मिली है। रेलवे सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि प्रयागराज और वाराणसी होते हुए पटना के लिए जो वंदे भारत चलेगी, वह साढ़े 11 घंटे में पहुंचाएगी। आमतौर पर इस रूट पर 12 से 17 घंटे तक का वक्त लगता है। इस तरह वंदे भारत एक तरफ स्पीड से भी पहुंचाएगी और यह सफर काफी सुविधाजनक भी होगा।
इस ट्रेन की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक रखी गई है। इसके चलते कई रूटों पर यह ट्रेन अन्य गाडिय़ों के मुकाबले आधा समय ही ले रही है। दिल्ली से अहमदाबाद, भोपाल और पटना जैसे रूट काफी लंबे पड़ते हैं और एक रात से ज्यादा का समय इनमें लग जाता है। ऐसे में इस समय को सीमित करने और सुविधाजनक यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर की शुरुआत इन्हीं स्टेशनों से शुरू करने का फैसला लिया है। पहले से ही खबरें थीं कि इस साल के अंत तक कई रूटों पर स्लीपर वंदे भारत का संचालन शुरू हो सकता है।
दिल्ली से पटना वाली वंदे भारत स्लीपर की क्या होगी टाइमिंग
वंदे भारत फिलहाल देश की सबसे तेज गति से चलने वाली ट्रेन है। राजधानी एक्सप्रेस और शताब्दी की तुलना में यह ट्रेन पहले गंतव्य तक पहुंचा रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत पटना से रात को 8 बजे रवाना होगी और सुबह 7:30 बजे दिल्ली आ जाएगी। इसी तरह दिल्ली से पटना के लिए भी टाइमिंग रहेगी। एक अधिकारी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि बिजी रूटों पर इस ट्रेन को चलाया जाए। सितंबर के अंत में ही इन ट्रेनों का ऐलान हो सकता है और अक्तूबर की शुरुआत में कभी भी संचालन शुरू हो सकता है।
दिल्ली से अहमदाबाद रूट पर है काफी डिमांड
अब तक जो वंदे भारत चल रही हैं, वे चेयर कार सर्विस वाली हैं। बैठे-बैठे सफर के चलते इन्हें दिन के वक्त में ही चलाया जा रहा है। लेकिन अब रात भर के सफर के लिए स्लीपर वंदे भारत चलाई जाएंगी। इससे लोगों का समय बचेगा और वे रात भर में ही सुविधाजनक सफर करते हुए दिल्ली से 1000 किलोमीटर या उससे भी दूर का सफर तय कर सकेंगे। दिल्ली से अहमदाबाद का रूट भी काफी बिजी रहता है और इस रूट पर प्रीमियम ट्रेनों की डिमांड भी है।