बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों को आज एक और बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में कुल 9 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें से 6 माओवादियों पर कुल 24 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में माड़ डिविजन के सदस्य और प्लाटून कमांडर जैसे बड़े पद पर मौजूद माओवादी शामिल हैं। आत्मसमर्पण करने के पीछे मुख्य कारण सरकार की विकासोन्मुखी नीतियां, पुनर्वास योजनाएं और सुरक्षा बलों का लगातार बढ़ता दबाव है। आत्म समर्पित माओवादियों ने बताया कि संगठन के भीतर बढ़ते आंतरिक मतभेदों और निराशा ने उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया।
छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत, आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 50 - 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वर्ष 2025 में बीजापुर जिले में अब तक 277 माओवादी आत्मसमर्पण किया है जिसे छत्तीसगढ़ सरकार की आत्म समर्पण और पुनर्वास नीतियों के प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जीने का अवसर देगी।
Tags
छत्तीसगढ़ न्यूज़