हमर तिरंगा अभियान : तिरंगे के रंग में रंगा कवर्धा, केबिनेट मंत्री अकबर के नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक, भव्य तिरंगा पदयात्रा



  • केबिनेट मंत्री अकबर ने भारत माता चौक में 75 फिट उंचा तिरंगा झंडा लगाने की घोषणा
  • 25 हजार से अधिक लोगों ने हाथों में तिरंगा लिए 10 किलोमीटर पैदल चलकर लगाई भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा
  • शहर का हर गली, मोहल्ला और रास्ता देश भक्ति की आवाज से गुंज उठा
कवर्धा ।  वन, परिवहन, आवास मंत्री और कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर, जनप्रतिनिधि, नगरवासियों सहित ग्रामीणों ने देश भक्ति की भावना लोगों में जगाने, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने और हर घर तिरंगा लहराने के लिए कवर्धा शहर में शनिवार को आयोजित भव्य तिरंगा पदयात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। तिरंगा पदयात्रा प्रारंभ करने के पहले कैबिनेट मंत्री श्री अकबर ने कवर्धा के भारत माता चौक में 75 फीट तिरंगा झंडा लगाने की घोषणा की। 

इस तिरंगा पदयात्रा में तिरंगा प्रेमियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कैबिनेट मंत्री श्री अकबर ने देश की सेवा कर चुके भूतपूर्व सैनिकों को तिरंगा झंडा भेंटकर ऐतिहासिक हमर तिरंगा पदयात्रा का शुभारंभ किया। आजादी के 75 वीं वर्षगांठ अमृत महोत्सव में हमर तिरंगा अभियान के दौरान ऐतिहासिक भव्य तिरंगा पदयात्रा में कवर्धा जिले के नागरिकों में जबरदस्त उत्साह रहा।

 लगभग 25 हजार से अधिक भीड़ के साथ 10 किलोमीटर पैदल चलकर नागरिकों के हाथों में तिरंगा झण्डा और भारत माता की जय, वंदे मातरम् के नारे से शहर का हर गली, मोहल्ला और रास्ता देश भक्ति की आवाज से गुंज उठा। पूरा कवर्धा शहर तीन रंगों से तिरंगामय सुशोभित होकर राष्ट्र प्रेम का जज्बा हर नागरिकों के दिलों में दिखाई दिया। ऐतिहासिक हमर तिरंगा पदयात्रा में पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर, श्री थानेश्वर पाटिला, श्री कन्हैया अग्रवाल, श्री नीलकंठ चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री ऋषि शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री होरी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री तुकाराम चंद्रवंशी, श्री महेन्द्र कुम्भकार, श्री फिरोज खान, श्रीमती सावित्री साहू, श्रीमती गंगोत्री योगी, श्री गणेश योगी, श्री अगम दास अनंत, श्रीमती सीमा अनंत, श्री राजेश शुक्ला, श्री मुकंद माधव कश्यप, पार्षद श्री मोहित महेश्वरी, सुनील साहू सहित बोड़ला, पंडरिया, सहसपुर लोहारा, पिपरिया, पाण्डातराई, तरेगांव, रेंगाखार, कुण्डा, दामापुर, झलमला, दलदली, चिल्फी के गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिध तथा पंच-सरपंचगण भी शामिल हुए।

मंत्री श्री अकबर ने गांधी मैदान में तिरंगा पदयात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि देशभक्त, शांतिप्रिय और सदभाव में आस्था रखने वाले हम सब आज यहां तिरंगा यात्रा में शामिल होने आए हैं। ये राजनीतिक यात्रा नहीं है ये धर्म या समाज से जुड़ी यात्रा नहीं है, यह तिरंगे की शान में और उसके सम्मान में आयोजित यात्रा है। यह यात्रा हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि हम तिरंगे की बात करते हैं या जब हम तिरंगा यात्रा निकालतें हैं तो हम ये जानते हैं कि हमारे देश के राष्ट्रीय ध्वज इस तिरंगे ने हमको बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 

हम भारत माता के वो सिपाही हैं, जिनकी पीढ़ियों ने इस तिरंगे के लिए कुर्बानियां दीं है। शहादतें दीं सीने पर गोलियां खाई और अपना लहू बहाया है। हम तो वो लोग हैं जो अपनी मां, भारत माता को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए दुनिया के शायद सबसे बड़े स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा बने।

 हमारे पुरखों ने लड़ाईया लड़ी और कुर्बानियां दी। अंग्रेज़ो से आजादी छीन कर हासिल की। अपने देश को एक नई ताकत देने के लिए अपने देश के नागरिकों को गरिमा और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देने के लिए हमें एक संविधान दिया और आजादी का यह गौरवशाली प्रतीक तिरंगा हमें सौंपा। हमारे पुरखों ने उस दिन हमसे एक संकल्प लिया था, वो संकल्प था, इस देश की आजादी को सहेज कर रखना।

 उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस या भगत सिंह को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान इस बात में है की आज हम संकल्प लें कि हम आधुनिक भारत की उस कल्पना के साथ मजबूती से खड़े रहे। संकल्प लें कि हम अपने लोकतंत्र की रक्षा करेंगे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports