मुद्दा विहीन भाजपा आपराधिक घटनाओं पर राजनीति मत करे -कांग्रेस

रायपुर। 10 जुलाई 2022।प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपाध्यक्ष आपराधिक घटनाओं के आधार पर राजनीति करना बन्द करें।वे भाजपा के 15 सालों के जंगल राज को याद करें जब अपराध होने के बाद भी अपराधी बेलगाम हो कर सरे आम घूमते थे पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाती थी । अब छत्तीसगढ़ बदल चुका है।

राज्य में मजबूत कानून व्यवस्था है। कानून व्यवस्था से लेकर हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अब भाजपा शासित देश के दूसरे राज्यों से बहुत बेहतर है। अपराधी यहां बच कर नहीं निकल सकते। विष्णुदेव अपनी पार्टी के पंद्रह साल और कांग्रेस के साढ़े तीन साल के आपराधिक मामले के एनसीआरबी के आंकड़े देख सकते हैं कि तब राज्य में क्या स्थिति थी और अब क्या है।

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के समय अपराधी पकड़े नहीं जाते थे और अब कांग्रेस की सरकार में अपराधी बच नहीं पाते। तब पुलिस के हाथ बंधे हुए थे। अब पुलिस तत्परता से अपराधियों को कानून के हवाले कर रही है। भाजपा की सरकार तो आरोपियों को बचाने के लिए क्या करती हैं, यह नोयडा में सामने आ गया। भाजपा न तो कानून की कद्र करती और न ही अदालत के आदेश का सम्मान करती।

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूरे देश में भाजपा कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाते हुए अराजकतावादी नीयत दिखा रही है और यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को कानून का राज खल रहा है। वे चिंता न करें। कांग्रेस के राज में पुलिस अपराधियों की नकेल कसने में सक्षम है। आज छत्तीसगढ़ में कानून का राज है। भाजपा शासनकाल में कानून व्यवस्था अपने हाल पर रो रही थी। छत्तीसगढ़ अपराधियों की ऐशगाह बन गया था । हर दिन लूट, हत्या, बलात्कार, अपहरण, मानव तस्करी की घटनाएं सामान्य हो गई थीं। विष्णुदेव भाजपा राज के आंकड़े जारी करने की हिम्मत दिखायें।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports