रामकृष्ण मिशन आश्रम अबूझमाडिय़ों और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कर रहा निरंतर प्रयास: स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. टेकाम

अच्छे समाज के लिए युवा अपनी शक्ति का सही उपयोग करें

रायपुर। अच्छे समाज के लिए युवा अपनी शक्ति का सही उपयोग करें। स्वामी विवेकानंद का छत्तीसगढ़ से भी नाता रहा है। वे रायपुर के बूढ़ापारा में रूके थे। उनके रूकने वाले स्थल को स्मारक के रूप में बनाया जायेगा। रामकृष्ण मिशन आश्रम अबूझमाडिय़ों और उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पिछले 34 साल से निरंतर सफल प्रयास कर रहा है। स्कूल शिक्षा एवं अनुसूचित जाति, जनजाति मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने इस आशय के विचार आज स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अवसर पर नारायणपुर रामकृष्ण मिशन आश्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किए।
डॉ. टेकाम ने कहा कि यहां का युवा स्वयं पर विश्वास करके आगे बढ़ रहा है और एक अच्छे समाज निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने में अपनी शक्ति का भरपूर उपयोग कर रहा है। सरकार उनकी बेहतरी के लिए वचनबद्ध है। देश में स्वामी विवेकानंद के जन्म दिन को युवा दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनकी बातों से प्रेरणा लेकर आगे बढऩे का आव्हन किया।  डॉ. टेकाम ने कहा कि यहां आकर देखने-सुनने को मिला कि आश्रम का काम अबूझमाडिय़ा बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना और जिले का नाम रौशन कर रहे हैं। बच्चे यहां से अच्छी तालीम लेकर डॉक्टर और इंजीनियर के साथ ही जिला और पुलिस प्रशासन में भी सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर के इस ईलाके में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के बच्चे और युवाओं में प्रतिभा छुपी हुई है, बस उसे निखारने की जरूरत है।  स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि अबूझमाड़ के सर्वे और वहां के लोगों को जमीन का मालिकाना हक दिलाने राज्य सरकार गंभीर है। सरकार की सोच है कि यहां के आदिवासी, वनवासियों को जमीन का मालिकाना हक मिले। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन हो रहा है। जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के युवा अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन और अपनी सोच को जनता के सामने पेश कर रहे हैं। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर रामकृष्ण मिशन आश्रम से सैकड़ों बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। नगरीय क्षेत्र में विवेकानंद के प्ररेणादायी संदेश दिये गये। रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उन्होंने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर लोगों का दिल जीता।
कार्यक्रम को क्षेत्रीय विधायक श्री चंदन कश्यप, आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद ने भी संबोधित किया। आभार प्रदर्शन स्वामी कृष्णामृतानंद ने किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मांझी, जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षकायें, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports