घूस लेते दिल्ली पुलिस का उप निरीक्षक सीबीआई के हत्थे चढ़ा, गिरफ्तार

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस के एक उप निरीक्षक को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सीबीआई सूत्रों ने यहां बताया कि जांच एजेंसी ने एक शिकायत के आधार पर कंझावला पुलिस स्टेशन में तैनात उप निरीक्षक मंजीत छिल्लर को 60 हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जांच एजेंसी ने एक शिकायत के आधार पर इस उप निरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एसआई छिल्लर ने एक जमीन विवाद में उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की धमकी दी थी। उसने इससे बचाने के लिए बतौर घूस एक लाख रुपए मांगे थे, लेकिन बाद में 80 हजार रुपए पर बात तय हुई थी। शिकायतकर्ता ने सीबीआई को इस बात की जानकारी दी थी, जिसने जाल बिछाकर उप निरीक्षक को 60 हजार रुपए घूस लेते मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जांच एजेंसी ने आरोपी के आवास पर छापे भी मारे। उसे आज दिल्ली की अदालत में पेश किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports