ऐतिहासिक जीत के बाद अब विधानसभा की तैयारी में शाह




  • बीजेपी मुख्यालय में बैठक शुरू
नईदिल्ली । लोकसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद अब भाजपा ने तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अमित शाह आज पार्टी की प्रदेश इकाइयों के प्रमुखों और महासचिवों के साथ एक बैठक कर रहे हैं। इसमें शामिल होने के लिए वसुंधरा राजे, उमा भारती, दिलीप घोष, विनय सहस्त्रबुद्धे, जेपी नड्डा और भूपेंद्र यादव भी पहुंचे हैं। इस बैठक में पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है। नई सरकार में गृहमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से ही अमित शाह लगातार बैठक कर रहे हैं। आरएनएस के अनुसार इससे पहले 9 जून को अमित शाह ने हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी। इन राज्यों में साल भर के अंदर विधानसभा चुनाव होने हैं। ईद के दिन भी उन्होंने हाईलेवल मीटिंग बुलाई थी। इसके अलावा उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा की जानकारी भी ली थी। जिसमें नक्सलवाद और आतंकवाद पर विशेष रूप से चर्चा हुई। बता दें, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पार्टी की इकाइयों में संगठन के चुनाव हरियाणा और महाराष्ट्र राज्यों में विधानसभा चुनावों के साथ हो सकते हैं। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।

इस बैठक में पार्टी की इकाइयों में बूथ स्तर से ऊपर के संगठनात्मक चुनावों और सदस्यता अभियान के कार्यक्रम पर फैसला किया जाएगा। पार्टी के एक नेता ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव पूरा होने में कई महीने का वक्त लग सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद ही नए पार्टी अध्यक्ष का चुनाव हो सकेगा, जो अक्टूबर- नवंबर के महीने तक जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड इस अवधि के लिए एक नए अध्यक्ष को नियुक्त कर सकता है। हालांकि, यह बहुत हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि अब केंद्रीय गृह मंत्री बन चुके शाह इस कार्य को कैसे जारी रखना चाहते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports