अभिनेता तुषार पान्डे हाल ही में राजश्री बैनर के तले बनी फिल्म हम चार में नजर आए थे. ये फिल्म 15 फरवरी को रिलीज हुई थी. इस फिल्म को लेकर तुषार ने बताया कि उनका सपना था कि वो इतने बड़े बैनर के साथ काम करें और इस फिल्म से उनका ये सपना भी पूरा हो गया. फिल्मों में आने से पहले तुषार ने थियेटर के लिए भी बहुत काम किया है.
फिल्म हम चार के अलावा तुषार मशहूर निर्देशक नितेश तिवारी की अगली फिल्म छिछोरे में मुख्य भूमिका में नजऱ आएंगे. तुषार नितेश तिवारी के साथ काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं. उनका कहना है कि ये मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है. इस फिल्म को लेकर तुषार ने बताया कि मैंने नहीं सोचा था कि इतनी आसानी से मुझे नितेश जी के साथ काम करने का मौका मिल जाएगा और मैं इस बात से बहुत खुश हूं.
बॉलीवुड में अपने आगे के सफर को लेकर बात करते हुए तुषार ने कहा प्लान के हिसाब से कुछ नहीं होता हम कोशिश करते हैं और चीजें होने लगती हैं और मैं इसी कोशिश में लगा हुआ हूं अपनी उम्र से कम या ज्यादा उम्र के किरदार निभाने की बात पर तुषार ने कहा, पर्दे पर हर तरह के रोल निभाना चुनौती जैसा होता है और ये जरूरी नहीं है कि हम जिस उम्र के हैं रोल भी उसी आयु वर्ग का मिले.
छिछोरे को लेकर तुषार ने बताया कि वो आजकल इस फिल्म की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं. इस फिल्म के बारे में बात करते हुए तुषार ने कहा कि वो फिल्म के बारें में ज्यादा कुछ नहीं बता सकते हैं. बता दें कि इससे पहले तुषार पिंक और फेंटम जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं.
