इन दिनों बॉलिवुड के तमाम बड़े सितारों के बीच कमर्शल फिल्मों के सबसे सफल निर्देशक रोहित शेट्टी के साथ काम करने की होड़ मची है। पहले गोलमाल सीरीज और बाद में सिंघम जैसी बेहतरीन फिल्मों की शानदार सफलता के बाद शाहरुख खान ने रोहित के साथ चेन्नई एक्सप्रेस और दिलवाले बनाई। हाली ही में अभिनेता रणवीर सिंह की सिंबा भी कामयाब रही। पिछले दिनों रोहित ने अक्षय कुमार के साथ फिल्म सूर्यवंशी की घोषणा की।
अब खबर है कि बॉलिवुड के पारस बन चुके रोहित को सलमान खान भी भुनाना चाहते हैं। खबरों की मानें तो सलमान खान और रोहित शेट्टी ने निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ मिलकर एक फिल्म बनाने की योजना बनाई है। सलमान को लेकर रोहित एक बार फिर से खाकी वर्दी यानी पुलिस वालों की जिंदगी से जुड़ी एक और कहानी सामने लाएंगे। सबकुछ तय हिसाब से हुआ तो सलमान की इस फिल्म की शूटिंग इसी साल के अंत तक शुरू हो जाएगी और इस फिल्म को 2020 में क्रिसमस के मौके पर रिलीज़ किया जाएगा
सलमान खान की भाई अरबाज खान के होम प्रॉडक्शन की फिल्म दबंग में निभाई गई पुलिस अफसर चुलबुल पांडे की भूमिका सबसे ज्यादा लोकप्रिय रही है। अब सलमान को पुलिस की वर्दी में एक दूसरे अवतार में देखना और भी दिलचस्प होगा। इधर रोहित लगातार पुलिस वालों से जुड़ी सिंघम, सिंबा और सूर्यवंशी जैसी अलग-अलग कहानियां परदे पर उतार रहे हैं।
सलमान इन दिनों कटरीना कैफ, दिशा पाटनी और तब्बू के साथ जहां अपनी फिल्म भारत की शूटिंग में व्यस्त हैं, वहीं रोहित अक्षय कुमार के साथ अपनी अगली कॉप फिल्म सूर्यवंशी के काम में जुटे हैं। अक्षय कुमार इस समय मिशन मंगल की शूटिंग कर रहे हैं और इसकी शूटिंग पूरी करने के बाद वह रोहित के साथ सूर्यवंशी की शूटिंग शुरू कर देंगे।
