ननकीराम कंवर ने धान खरीदी की अवधि बढ़ाने मांग की


कोरबा । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि पन्द्रह (15) फरवरी तक बढ़ाने की मांग राज्य सरकार से की है।  वरिष्ठ आदिवासी नेता श्री कंवर ने आर.एन.एस. से बातचीत में कहा है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया में भारी अव्यवस्था के चलते किसानों का पूरा धान खरीदी केन्द्रों में नहीं पहुंच पाया है। दो दिन बाद इक्तीस (31) जनवरी को धान खरीदी की समय सीमा समाप्त हो जायेगी। प्रदेश के हजारों किसान समर्थन मूल्य और बोनस से वंचित हो जायेंगे। श्री कंवर ने बताया कि पूरे प्रदेश में धान खरीदी के लिए पर्याप्त संख्या में बोरा उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से हजारों किसानों का धान नहीं खरीदा जा सका है। पूर्व में जिन किसानों ने धान बेचा है, उन्हें भुगतान नहीं हो रहा है, जिसके कारण प्रदेश के किसान अनेक आशंकाओं से घिरे हुए है। प्रदेश भर में किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन नहीं दिया जा रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश में भीग जाने से धान का रंग बदल गया है, जिसके कारण किसानों का धान खरीदने से इनकार किया जा रहा है। हालांकि पानी से भीगे धान का चावल बिल्कु ल साफ है।  वरिष्ठ भाजपा विधायक श्री कंवर ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को तत्काल संज्ञान लेकर धान खरीदी प्रक्रिया में व्याप्त अव्यवस्था को दूर करना चाहिए। साथ ही किसानों के हित में धान खरीदी की तिथि इक्तीस (31) जनवरी से बढ़ाकर पन्द्रह (15) फरवरी करना चाहिए। ताकि प्रदेश के सभी किसानों को समर्थन मूल्य और बोनस का लाभ मिल सके। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports