- मुख्यमंत्री ने कहा - जीतने पर ईवीएम सही, हारने पर उसी पर ठीकरा फोड़ती है कांग्रेस, जनता अब इस दोहरे रवैये को समझ चुकी है
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों का नेतृत्व सेवा, सुशासन और विकास की प्रेरक यात्रा : मुख्यमंत्री
- प्रदेश के 38 स्थानों पर बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी किया जाएगा विकसित
- सिंगापुर प्रवास में छत्तीसगढ़ ने दुनिया के सामने रखीं निवेश की संभावनाएं, ₹41,750 करोड़ का AI-रेडी डेटा सेंटर सबसे बड़ा प्रस्ताव
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग पर आरोप लगाती है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस जब इसी ईवीएम से चुनाव जीतकर अपने सांसद और विधायक बनाती है, तब उसे ईवीएम में कोई समस्या दिखाई नहीं देती। लेकिन जब चुनाव हारती है तो उसी ईवीएम पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ने लगती है। जनता अब कांग्रेस के इस दोहरे रवैये को समझ चुकी है और उनकी बातों में कोई दम नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। राजनीतिक दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए, न कि अपनी हार के लिए संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने चाहिए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्ष सेवा और सुशासन की प्रेरक यात्रा
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके शानदार 25 वर्ष पूरे हुए हैं। यह 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण की प्रेरक यात्रा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 13 प्रकार के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी रायपुर में भी ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ का निर्माण किया जाएगा। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास के दौरान वे ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में शामिल हुए। यहां सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के समक्ष छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया और उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रदेश में निवेश का आमंत्रण दिया गया।
